नई दिल्ली। UGC-NET को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। NTA ने रविवार को बताया कि इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में स्पेलिंग, प्रिंटिंग, टाइपिंग और अनुवाद से जुड़ी कई गलतियां मिली थीं। इसके अलावा पहले पूछे जा चुके कई सवाल दोबारा प्रश्नपत्र में शामिल किए गए थे। छात्रों की शिकायतों के बाद मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर NTA ने इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया है।
9 और 10 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा
NTA के अनुसार UGC-NET के रद्द किए गए पेपर की दोबारा परीक्षा 9 और 10 सितंबर को आयोजित होगी।
- इंग्लिश: 9 सितंबर, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- कॉमर्स: 9 सितंबर, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
- सोशियोलॉजी: 10 सितंबर, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
खास बात यह है कि री-एग्जाम के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।
प्रश्नपत्र में मिलीं कई तरह की गलतियां
NTA ने बताया कि छात्रों की शिकायतों के बाद गठित समिति ने प्रश्नपत्रों की जांच की। इसमें कई तरह की गड़बड़ियां सामने आईं। जांच में तथ्य संबंधी गलतियां, टाइपिंग और अनुवाद की त्रुटियां, नाम गलत लिखे जाने, किताबों के नाम में गड़बड़ी, सवालों को गलत तरीके से लिखे जाने, व्याकरण और विराम चिह्नों की गलतियां पाई गईं। इसके अलावा समिति ने यह भी पाया कि पहले UGC-NET में पूछे जा चुके सवालों में से बड़ी संख्या को दोबारा प्रश्नपत्र में शामिल किया गया था।
सिर्फ सवाल हटाने से नहीं हो सकता था सुधार
NTA के मुताबिक आंसर-की जारी होने के बाद अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र में मौजूद गड़बड़ियों की शिकायत की थी। एजेंसी ने कहा कि इन त्रुटियों को केवल संबंधित सवालों को हटाकर ठीक करना संभव नहीं था। इसी वजह से तीनों विषयों की पूरी परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का फैसला लिया गया।
84 विषयों की आंसर-की जारी
NTA ने रविवार सुबह UGC-NET के 87 में से 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी थी। हालांकि, इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की आंसर-की जारी नहीं की गई थी। UGC-NET परीक्षा का आयोजन 22 से 30 जून के बीच किया गया था। अब इन तीनों विषयों के अभ्यर्थियों को सितंबर में दोबारा परीक्षा देनी होगी।
NTA पर फिर उठे सवाल
NTA पिछले कुछ समय से परीक्षा प्रक्रिया को लेकर विवादों में रहा है। NEET-UG समेत कई परीक्षाओं को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। ऐसे में UGC-NET के तीन विषयों की परीक्षा रद्द होने से एक बार फिर परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली पर चर्चा शुरू हो गई है। अब अभ्यर्थियों की नजर 9 और 10 सितंबर को होने वाली री-एग्जाम पर है। NTA ने स्पष्ट किया है कि इस दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से कोई नई फीस नहीं ली जाएगी।