रायपुर | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय गौरव दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर भगवान बिरसा मुंडा के साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद किया।
बिरसा मुंडा का जीवन साहस और बलिदान का प्रतीक: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में लिखा, "धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।" उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। अपनी माटी, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा।
जनजातीय विरासत और संस्कृति को सहेजने का आह्वान
सीएम साय ने प्रदेशवासियों से इस अवसर पर महान जनजातीय नायकों के योगदान को नमन करने और उनकी समृद्ध विरासत, संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने का संकल्प लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन 'जय जोहार! जय छत्तीसगढ़!' के उद्घोष के साथ किया।