लखनऊ | उत्तर प्रदेश में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार 25 लाख और विद्यार्थियों को टैबलेट देने की तैयारी कर रही है। स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण का नया चरण 15 नवंबर से शुरू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित कर अभियान की शुरुआत करेंगे। इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 50 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए 25 लाख टैबलेट की आपूर्ति जिलों को शुरू कर दी है।
पहले बांटे जा चुके हैं 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन
स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के तहत इससे पहले विद्यार्थियों को करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। अब नए चरण में 25 लाख अतिरिक्त विद्यार्थियों को टैबलेट देने की तैयारी है। इस योजना का लाभ उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास, चिकित्सा, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को दिया जाता है।
ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल लाइब्रेरी तक मिलेगी पहुंच
टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल लाइब्रेरी और शैक्षणिक सामग्री तक पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही वे कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर सकेंगे। विद्यार्थियों को रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित जानकारियां हासिल करने में भी मदद मिलेगी। सरकार की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ना और शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक का उपयोग बढ़ाना है।