हैदराबाद | तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता, निर्देशक और निर्माता गिरी बाबू का 83 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 14 नवंबर को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरी साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके परिवार, प्रशंसकों और फिल्म जगत की हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। गिरी बाबू ने करीब पांच दशक तक तेलुगु सिनेमा में काम किया और अपने करियर में 600 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने विलेन, कॉमेडियन और कैरेक्टर आर्टिस्ट के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
कौन थे दिग्गज अभिनेता गिरी बाबू?
गिरी बाबू तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार थे। अभिनय के अलावा उन्होंने निर्देशन और फिल्म निर्माण में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्म 'जगमे माया' से की थी। बतौर निर्माता उन्होंने 'सिम्हा गर्जना', 'मेरुपुदादी' और 'इंद्रजीत' जैसी फिल्मों का निर्माण किया। वहीं निर्देशक के रूप में 'रणरंगम', 'इंद्रजीत' और 'नी सुखामे' जैसी फिल्मों से जुड़े रहे।
चिरंजीवी ने जताया दुख, बोले- उनका योगदान हमेशा याद रहेगा
गिरी बाबू के निधन पर अभिनेता चिरंजीवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि गिरी बाबू के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा है। चिरंजीवी ने कहा कि अपनी खास अभिनय शैली और प्रतिभा के जरिए गिरी बाबू ने अभिनेता, निर्माता और निर्देशक के रूप में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जाना सिनेमा जगत के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई मुश्किल है। उन्होंने दिवंगत अभिनेता की आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू ने भी दी श्रद्धांजलि
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी गिरी बाबू के निधन पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अभिनेता की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रकाशम जिले के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे गिरी बाबू ने पांच दशकों तक 600 से अधिक फिल्मों में काम किया। उन्होंने विलेन, कॉमेडियन और कैरेक्टर आर्टिस्ट के रूप में दर्शकों का मनोरंजन किया। गिरी बाबू के निधन से तेलुगु सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसने अपने लंबे करियर में अभिनय के साथ निर्देशन और निर्माण के क्षेत्र में भी योगदान दिया।