महू | मध्य प्रदेश के महू से भारतीय सेना ने एक अनोखे और साहसिक हवाई अभियान की शुरुआत की है। देश में पहली बार सेना के चार माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट हाईवे पर उतरने का ऐतिहासिक प्रदर्शन करने जा रहे हैं। महू स्थित आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर से सेना के जवान 3,100 किलोमीटर की हवाई यात्रा पर निकले हैं। यह अभियान झाबुआ से वडोदरा तक के मार्ग को कवर करेगा।
23 दिनों तक चलेगा हवाई अभियान
इस साहसिक अभियान के दौरान सेना के जवान माइक्रोलाइट एविएशन और पावर्ड हैंग ग्लाइडिंग का प्रदर्शन करेंगे। एयरक्राफ्ट करीब 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरेंगे। यात्रा के दौरान ये विमान समुद्र के ऊपर से गुजरने के साथ गुजरात के कच्छ के रण और तटीय क्षेत्रों के ऊपर भी उड़ान भरेंगे। अभियान का उद्देश्य सेना के जवानों के साहसिक कौशल और हवाई गतिविधियों का प्रदर्शन करना है।
7 दिसंबर को महू लौटेगा दल
सेना का यह अभियान कुल 23 दिनों तक चलेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अभियान का समापन 7 दिसंबर को होगा, जब चारों माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट के साथ सेना का दल वापस महू पहुंचेगा। हाईवे पर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट की लैंडिंग का यह प्रस्तावित प्रदर्शन देश में अपनी तरह की पहली पहल बताया जा रहा है।