भोपाल: मध्यप्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ने लगा है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण प्रदेश के मौसम में ठंडक घुल गई है। रात और सुबह के समय सर्दी ज्यादा महसूस हो रही है। बीती रात प्रदेश के 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। अनूपपुर के अमरकंटक में सबसे कम 10.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि इंदौर 11.2 डिग्री के साथ प्रदेश में दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं, मौसम विभाग ने 20 नवंबर के बाद प्रदेश में बारिश का एक दौर आने की संभावना जताई है।
अमरकंटक में सबसे कम 10.7 डिग्री तापमान
प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने के साथ ही कई शहरों में रात का तापमान तेजी से नीचे आया है। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 11.8 डिग्री रहा।इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस तरह अमरकंटक के बाद इंदौर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। कटनी के करौंदी में 11.3 डिग्री और शाजापुर के गिरवर में 11.7 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
भोपाल-जबलपुर में 13.2 डिग्री रहा पारा
प्रदेश के अन्य शहरों में भी ठंड का असर दिखाई दे रहा है। दमोह में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, छिंदवाड़ा और रायसेन में 12.4 डिग्री तथा नौगांव में 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राजधानी भोपाल और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री रहा, जबकि उज्जैन में पारा 13.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के कुल 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है।
15 नवंबर के बाद बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्यप्रदेश में नवंबर के पिछले 10 साल के मौसम ट्रेंड पर नजर डालें तो 9 साल दूसरे पखवाड़े में तेज ठंड पड़ी है। इस बार भी 15 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है।फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है। जब यह सिस्टम आगे बढ़ जाएगा, तब उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चलेंगी। इसका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
20 नवंबर के बाद MP में बारिश के आसार
मौसम केंद्र (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवातीय तूफान के प्रभाव से मध्यप्रदेश में 20 नवंबर के बाद बारिश का एक दौर आ सकता है। मौसम विभाग इस सिस्टम की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।फिलहाल प्रदेश में ठंड का दौर शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से सर्दी और बढ़ सकती है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के आगे बढ़ने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की स्थिति बन सकती है।