रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। प्रदेश के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। सरगुजा के अंबिकापुर में सबसे कम 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। वहीं बलरामपुर-रामानुजगंज में पारा 13.4 डिग्री और बालोद में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
10 जिलों में 16 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा बलरामपुर-रामानुजगंज में 13.4 डिग्री और बालोद में 13.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।प्रदेश के अन्य जिलों में भी ठंड का असर दिखाई दे रहा है। बेमेतरा में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री, कबीरधाम में 15 डिग्री, दुर्ग और बस्तर में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।वहीं मुंगेली और सूरजपुर में 15.5 डिग्री तथा कोरबा में 15.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
अंबिकापुर में सबसे ठंडी रात, दुर्ग में भी गिरा पारा
प्रदेश के प्रमुख शहरों में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है।दुर्ग में भी रात का तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री और बिलासपुर में 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री
राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहे।आज रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होगी।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम, अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम विकसित हो रहा है। हालांकि, इसका असर छत्तीसगढ़ में ज्यादा देखने को मिलने की संभावना नहीं है।अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। फिलहाल सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।