मुंबई - बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने 5 जुलाई को 61 वर्ष की उम्र में अपने घर पर गौरी स्प्रैट से शादी की। यह उनकी तीसरी शादी है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने उन पर "लव जिहाद" जैसे आरोप भी लगाए। अब इस पूरे मामले पर टीवी अभिनेत्री हिना खान की टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई है।
शो के दौरान हुई आमिर की शादी पर चर्चा
एक टीवी शो के लेटेस्ट एपिसोड में रुबीना दिलैक ने सवाल उठाया कि क्या किसी सुपरस्टार की निजी जिंदगी उसके पेशेवर करियर को प्रभावित करती है। इस पर हिना खान ने असहमति जताते हुए कहा, "उस हिसाब से आमिर खान की कोई फिल्म नहीं चलनी चाहिए। रुबीना ने जवाब दिया कि आमिर की जिंदगी कभी किसी बड़े विवाद में नहीं रही। इस पर हिना ने उनकी तीसरी शादी का जिक्र करते हुए कहा कि आम लोगों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है कि "ये क्या कर रहा है? इसे भी छोड़ दिया?
रुबीना ने किया आमिर का बचाव
हिना की टिप्पणी पर रुबीना दिलैक ने आमिर खान का बचाव करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को उसकी निजी जिंदगी के आधार पर जज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आमिर ने भारतीय सिनेमा को कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं और लोगों को उनकी उपलब्धियों की बजाय उनकी शादी पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए।
हिना बोलीं- समाज में इसे अच्छा नहीं माना जाता
अपनी बात स्पष्ट करते हुए हिना खान ने कहा कि वह आमिर खान को जज नहीं कर रही हैं, लेकिन भारतीय समाज में लगातार कई शादियों को अच्छी नजर से नहीं देखा जाता। उन्होंने कहा, "शादी पे शादी पे शादी... ये हमारे समाज में बहुत अच्छा नहीं माना जाता। उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने हिना की बात का समर्थन किया, जबकि कई यूजर्स ने इसे आमिर खान की निजी जिंदगी में दखल बताते हुए उनकी आलोचना की।
रॉकी जायसवाल ने भी दी प्रतिक्रिया
इसी चर्चा के दौरान रॉकी जायसवाल ने भी अपनी राय रखते हुए कहा, "शादी छोड़ो, तलाक ही अच्छा नहीं माना जाता।" उनके इस बयान के बाद बातचीत का रुख समाज में रिश्तों और शादी को लेकर बनी धारणाओं की ओर मुड़ गया। हिना खान के बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक वर्ग का मानना है कि सार्वजनिक हस्तियों की निजी जिंदगी पर इस तरह की टिप्पणियां नहीं होनी चाहिए, जबकि दूसरे वर्ग का कहना है कि जब कोई सेलिब्रिटी सार्वजनिक जीवन में होता है, तो उसकी निजी जिंदगी भी चर्चा का विषय बन जाती है। फिलहाल आमिर खान या उनकी टीम की ओर से इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
