लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र जारी किया। इसे ‘जन-मन घोषणा पत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। इसमें युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता, बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन और 25 लाख युवाओं को पांच साल में सरकारी नौकरी देने जैसे वादे किए गए हैं। अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल करने और करीब 1.5 लाख शिक्षामित्रों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने की बात भी कही।
युवाओं के लिए रोजगार और बेरोजगारी भत्ते का वादा
सपा के घोषणा-पत्र में युवाओं के लिए रोजगार से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं।
- बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये भत्ता दिया जाएगा।
- पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा।
- 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए जाएंगे।
- युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएंगे।
1.5 लाख शिक्षामित्रों को शिक्षकों के बराबर वेतन
अखिलेश यादव ने शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षकों के वेतन से जुड़े मुद्दों पर भी बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर करीब 1.5 लाख शिक्षामित्रों को नियमित शिक्षकों के बराबर वेतन देने के लिए काम किया जाएगा।इसके अलावा बंद किए गए स्कूलों को दोबारा खोलने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बात भी घोषणा-पत्र में शामिल है।
आशा, आंगनबाड़ी और संविदा कर्मचारियों पर भी फोकस
सपा प्रमुख ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए बेहतर वेतन देने का वादा किया है।उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन देने के साथ नौकरी में स्थायी करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।इसके अलावा सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने का भी वादा किया गया है।
किसानों के लिए कर्जमाफी और 24 घंटे में गन्ना भुगतान
घोषणा-पत्र में किसानों को लेकर भी कई महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं।
- किसानों की कर्जमाफी की जाएगी।
- गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा।
- 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी।
- किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सालाना ₹40 हजार
सपा के घोषणा-पत्र में महिलाओं और बुजुर्गों के लिए आर्थिक सहायता का भी प्रावधान रखा गया है। पार्टी ने बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया है।
₹5 में भोजन और अन्य सुविधाओं का वादा
सपा ने आम लोगों और जरूरतमंद वर्गों को ध्यान में रखते हुए समाजवादी कैंटीन शुरू करने की बात कही है। इसके तहत लोगों को सिर्फ 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने का वादा किया गया है।
75 जिलों के लिए अलग विजन लाने की तैयारी
सपा ने अपने घोषणा-पत्र को प्रदेश के साथ-साथ स्थानीय जरूरतों से जोड़ने की भी तैयारी की है। पार्टी की ओर से महिलाओं के लिए अलग घोषणा-पत्र और उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग विजन दस्तावेज सामने लाने की योजना बताई गई है।पार्टी का कहना है कि इन घोषणाओं के जरिए युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।