लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र और कांग्रेस के संविधान मार्च को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के INDIA गठबंधन पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। पाठक ने कहा कि विपक्षी दल चाहे कितने भी रूप बदल लें, प्रदेश की जनता उनकी राजनीति और पुराने रिकॉर्ड को अच्छी तरह जानती है। समाजवादी पार्टी की ओर से संविधान दिवस पर तीन घोषणापत्र जारी करने की तैयारी को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने अब तक यही सुना था कि एक परीक्षा का एक ही प्रश्नपत्र होता है, लेकिन सपा तीन घोषणापत्र जारी कर जनता को गुमराह करना चाहती है।
सपा के घोषणापत्र पर क्या बोले बृजेश पाठक?
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल वोट हासिल करने के लिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को तुष्टिकरण के अलावा किसी अन्य मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने भाजपा का पक्ष रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा किया है। उनके मुताबिक, भाजपा ने अपने वादों को जमीन पर उतारने का काम किया है। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए तीन स्तरों पर घोषणापत्र तैयार करने की योजना बनाई है। इसमें प्रदेश स्तर का घोषणापत्र, सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग दस्तावेज और लखनऊ के लिए विशेष घोषणापत्र शामिल हैं। पार्टी ने इसे 'जन-मन घोषणापत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' नाम दिया है।
कांग्रेस के संविधान मार्च पर भी उठाए सवाल
बृजेश पाठक ने कांग्रेस के संविधान मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए 1975 में लगाए गए आपातकाल का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज तक इस सवाल का जवाब नहीं दे पाई है कि देश में डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को कमजोर करते हुए आपातकाल क्यों लगाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल का कलंक जनता आज भी याद करती है और कांग्रेस को इसके लिए देश से जवाब देना चाहिए। पाठक ने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस कुछ भी कर सकती है।
लखनऊ में संविधान दिवस पर राजनीतिक कार्यक्रम
संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। सपा अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर रही है, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में संविधान रक्षा मार्च निकालने की तैयारी में है।
कांग्रेस का प्रस्तावित मार्च गांधी भवन से हजरतगंज स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा तक जाना है। हालांकि, इस मार्च को पुलिस से अनुमति नहीं मिलने की खबर भी सामने आई है। इसके बावजूद कांग्रेस ने कार्यक्रम को तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित करने की बात कही है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संविधान, सामाजिक न्याय और राजनीतिक विरासत को लेकर दलों के बीच बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। संविधान दिवस के कार्यक्रमों के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बयान भी राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बन गए हैं।