लखनऊ : संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 26 नवंबर को लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे लोक भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ करेंगे। इसके साथ ही डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश में प्रतिमा स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ भी करेंगे।
लोक भवन में होगा संविधान दिवस कार्यक्रम
संविधान दिवस के मौके पर लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में संविधान की उद्देशिका का पाठ किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के मूल सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
आंबेडकर मूर्ति विकास योजना का होगा शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रतिमा स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत प्रदेश में डॉ. बीआर आंबेडकर और अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं बेहतर की जानी हैं। योजना में प्रतिमा स्थलों पर छत, बाउंड्रीवाल, सीढ़ियों, फिनिशिंग, हरियाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा प्रतिमाओं और उनसे जुड़े इतिहास की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड लगाने की भी व्यवस्था है।
प्रदेशभर में प्रतिमा स्थलों का होगा विकास
सरकार की योजना के पहले चरण में प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में प्रत्येक क्षेत्र के 10 प्रतिमा स्थलों का विकास किया जाना है। इस तरह कुल 4,030 स्थलों को योजना में शामिल किया गया है। इसके लिए ₹403 करोड़ का प्रावधान किया गया है। संविधान दिवस पर लखनऊ के लोक भवन से होने वाला कार्यक्रम इस योजना के प्रदेशव्यापी शुभारंभ की कड़ी होगा।