लखनऊ : संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारत का संविधान ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प का आधार है। मुख्यमंत्री ने लोगों से संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। सीएम योगी ने कहा कि सभी नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने संविधान के मूल सिद्धांतों को देश की एकता और सामाजिक समरसता का आधार बताया।
लखनऊ में संविधान दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम योगी
संविधान दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) के पाठन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी। केंद्र सरकार की ओर से भी 26 नवंबर को सुबह 11 बजे अपने कार्यालयों और संस्थानों में प्रस्तावना के सामूहिक पाठन का आह्वान किया गया है।
डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना का करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संविधान दिवस पर डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्यों का शुभारंभ भी करेंगे। इसके लिए लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में चयनित डॉ. बीआर आंबेडकर प्रतिमा स्थलों के विकास और नवीनीकरण का कार्य कराया जाना है। स्थानीय स्तर पर भी इन कार्यों के शुभारंभ के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
संविधान के मूल्यों को अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री का संदेश है कि संविधान केवल शासन व्यवस्था का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों का आधार भी है। संविधान में दिए गए आदर्शों को व्यवहार में अपनाकर ही एक मजबूत, समरस और एकजुट राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और डॉ. बीआर आंबेडकर के योगदान को याद करने पर जोर दिया जा रहा है।