मुंबई- बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने अपनी तीसरी शादी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए आधिकारिक घोषणा कर दी है। गुरुवार को मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में आमिर ने बताया कि वह 5 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शादी बेहद निजी समारोह होगी, जो उनके घर पर आयोजित की जाएगी। इसमें केवल दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। आमिर ने इस खास मौके पर सभी प्रशंसकों से शुभकामनाएं और आशीर्वाद भी मांगा। इस दौरान उनके बेटे जुनैद खान भी उनके साथ मौजूद रहे।
25 साल पुरानी दोस्ती अब शादी के रिश्ते में बदलेगी
आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को करीब 25 वर्षों से जानते हैं। शुरुआत में दोनों अच्छे दोस्त थे, लेकिन समय के साथ उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। आमिर ने वर्ष 2025 में अपने 60वें जन्मदिन पर पहली बार सार्वजनिक रूप से गौरी के साथ अपने रिश्ते को स्वीकार किया था। इसके बाद दोनों को कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और पारिवारिक आयोजनों में एक साथ देखा गया। अब दोनों ने अपने रिश्ते को शादी के बंधन में बांधने का फैसला किया है।
कौन हैं गौरी स्प्रैट? फैशन प्रोफेशनल और सैलून एंटरप्रेन्योर
गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली एक सफल सैलून एंटरप्रेन्योर और फैशन प्रोफेशनल हैं। उनके पिता तमिल-ब्रिटिश मूल के हैं, जबकि उनकी मां पंजाबी-आयरिश मूल की हैं। गौरी प्रसिद्ध ब्रिटिश कम्युनिस्ट फिलिप स्प्रैट की पोती हैं, जो भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से भी जुड़े रहे थे। गौरी पहले शादीशुदा रही हैं और उनका एक सात वर्षीय बेटा है। पिछले दो वर्षों से वह अपने बेटे के साथ मुंबई में रह रही हैं।
दो शादियों के बाद अब जिंदगी की नई शुरुआत
आमिर खान की पहली शादी वर्ष 1986 में फिल्म निर्माता रीना दत्ता से हुई थी। यह लव मैरिज लगभग 16 वर्षों तक चली और दोनों के दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं। वर्ष 2002 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद आमिर ने 2005 में फिल्म निर्माता और निर्देशक किरण राव से शादी की। दोनों का एक बेटा आज़ाद राव खान है। हालांकि वर्ष 2021 में आमिर और किरण ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया। तलाक के बाद भी दोनों अपने बेटे की परवरिश साथ मिलकर करते रहे हैं।
'गौरी के आने से जिंदगी मुकम्मल हुई' – आमिर खान
मई 2026 में दिए एक इंटरव्यू में आमिर खान ने गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि वह खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं कि गौरी उनकी जिंदगी में आईं। आमिर के मुताबिक गौरी के साथ उन्हें सुकून और मानसिक शांति मिलती है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि रीना दत्ता और किरण राव के साथ भी उनका रिश्ता बेहद सम्मानजनक और गहरा रहा, लेकिन परिस्थितियों के चलते वे रिश्ते आगे नहीं बढ़ सके। आमिर ने कहा था कि अब उन्हें लगता है कि उनकी जिंदगी पूरी हो गई है।