मुंबई - बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन इन दिनों अपनी फिल्मों की लंबी लाइनअप को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्हें कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ में दर्शकों को हंसाते देखा गया था। अब अभिनेता एक बार फिर अपना अंदाज बदलने जा रहे हैं। आने वाले समय में अजय सस्पेंस, एक्शन, कॉमेडी और हॉरर समेत अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में नजर आ सकते हैं।

‘दृश्यम 3’ में फिर दिखेगा विजय सलगांवकर का अंदाज
अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ की रिलीज डेट सामने आ चुकी है। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फ्रेंचाइजी में अजय एक बार फिर अपने परिवार को बचाने के लिए मुश्किल परिस्थितियों से जूझते नजर आएंगे। ‘दृश्यम’ सीरीज की पिछली फिल्मों को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था, ऐसे में तीसरे पार्ट को लेकर भी काफी उत्सुकता है।

‘रेंजर’ में संजय दत्त से होगी टक्कर
‘दृश्यम 3’ के बाद अजय देवगन एक्शन अवतार में नजर आ सकते हैं। उनकी फिल्म ‘रेंजर’ दिसंबर में रिलीज होने की संभावना जताई जा रही है। जंगल की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में अजय के सामने संजय दत्त विलेन के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म में दोनों अभिनेताओं के बीच टकराव देखने को मिल सकता है। हालांकि, इसकी रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

‘गोलमाल 5’ में फिर लगाएंगे कॉमेडी का तड़का
अजय देवगन की सबसे चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ का अगला पार्ट भी उनकी पाइपलाइन में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। फिल्म में अजय एक बार फिर अपनी पुरानी ‘गोलमाल’ टीम के साथ दर्शकों को हंसाते नजर आ सकते हैं। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के लिए यह बड़ी खबर है।
‘चौहान’ में बनेंगे आर्मी ऑफिसर
‘गोलमाल 5’ के बाद अजय देवगन ‘चौहान’ में नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म में वह लंबे समय बाद आर्मी ऑफिसर की भूमिका निभाएंगे। फिल्म की कहानी कश्मीर में पत्थरबाजी की घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है।
हॉरर फिल्म ‘गृह प्रवेश’ भी चर्चा में
अजय देवगन की संभावित फिल्मों की लिस्ट में ‘गृह प्रवेश’ का नाम भी शामिल है। इसे हॉरर फिल्म बताया जा रहा है, जिसमें अभिनेता एक अलग तरह के किरदार में नजर आ सकते हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और इसकी कहानी या रिलीज डेट की ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। कुल मिलाकर अजय देवगन आने वाले समय में एक के बाद एक अलग-अलग जॉनर की फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करने की तैयारी में हैं।