मुंबई - टीवी अभिनेत्री आकांक्षा चमोला इन दिनों नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप सीजन 2' को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो के प्रीमियर एपिसोड में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वह अभिनेता गौरव खन्ना से तलाक की प्रक्रिया में हैं। इस खुलासे ने न सिर्फ शो के कंटेस्टेंट्स बल्कि उनके फैंस को भी हैरान कर दिया। अब शो के नौवें एपिसोड में आकांक्षा ने अपने भविष्य को लेकर एक और बड़ा फैसला साझा किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि तलाक के बाद वह दोबारा शादी करने की कोई इच्छा नहीं रखतीं।
शो में पहली बार साझा की निजी जिंदगी
आकांक्षा चमोला ने बताया कि यह पहली बार है जब वह अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी इतनी बड़ी बात राष्ट्रीय मंच पर साझा कर रही हैं। उनके इस बयान के बाद शो में मौजूद अन्य प्रतिभागियों ने भी उनसे इस विषय पर बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाने की कोशिश की।
दूसरी शादी से किया इनकार
शो के दौरान आकांक्षा की बातचीत कंटेस्टेंट पामेला सेरेना से हुई। इस दौरान पामेला ने उनसे कहा कि उनकी उम्र अभी कम है और भविष्य में उन्हें कोई अच्छा साथी मिल सकता है। इस पर आकांक्षा ने बेहद शांत अंदाज में जवाब दिया कि वह दोबारा शादी नहीं करना चाहतीं। उन्होंने कहा - नहीं, मैं दोबारा शादी नहीं करना चाहती। मुझे लगता है कि मेरा यह सफर पूरा हो गया है। उनके इस बयान से साफ हो गया कि फिलहाल वह अपनी जिंदगी नए तरीके से, लेकिन अकेले जीने का फैसला कर चुकी हैं।
पहली बार अकेले रहेंगी
आकांक्षा ने बताया कि शादी से पहले वह अपने माता-पिता के साथ रहती थीं और शादी के बाद पति के घर चली गईं। अब पहली बार ऐसा होगा जब वह पूरी तरह अपने दम पर रहेंगी। उन्होंने कहा कि, अपनी जिंदगी में पहली बार मैं अकेले रहने वाली हूं। न अपने माता-पिता के घर में और न ही अपने पति के घर में। मेरा अपना घर होगा।आकांक्षा का कहना है कि वह अब खुद को समय देना चाहती हैं और अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ना चाहती हैं।
कम उम्र में हुई थी शादी
बातचीत के दौरान आकांक्षा ने यह भी बताया कि उनकी शादी काफी कम उम्र में हो गई थी। उन्होंने कहा कि, मैंने बहुत कम उम्र में शादी कर ली थी। मैं सिर्फ 24 साल की थी। उनके अनुसार अब वह अपने जीवन को नए नजरिए से देख रही हैं और स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ना चाहती हैं।
अपने फैसले पर कायम हैं आकांक्षा
भविष्य की योजनाओं के बारे में बात करते हुए आकांक्षा ने स्पष्ट कहा कि वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं। उन्होंने संकेत दिया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान खुद पर और अपने नए जीवन की शुरुआत पर रहेगा। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग उनके फैसले का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई फैंस अब भी गौरव खन्ना और आकांक्षा के रिश्ते को लेकर आगे की स्थिति जानने का इंतजार कर रहे हैं।