मुंबई - बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना ने पिछले साल फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत का किरदार निभाकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस भूमिका में उनके अभिनय को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला। अब अक्षय खन्ना एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं। साउथ की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘महाकाली’ में वह शुक्राचार्य का किरदार निभाते दिखाई देंगे।
साधु के अवतार में नजर आएंगे अक्षय
‘धुरंधर’ में खतरनाक रहमान डकैत के रूप में नजर आए अक्षय खन्ना का ‘महाकाली’ में लुक काफी अलग बताया जा रहा है। इस बार अभिनेता साधु के अवतारमें दिखाई देंगे। उनका किरदार शुक्राचार्य का होगा, जिन्हें हिंदू धर्मग्रंथों में असुरों और दैत्यों का गुरु बताया गया है। शुक्राचार्य को केवल खौफनाक या नकारात्मक चरित्र के तौर पर नहीं देखा जाता, बल्कि उन्हें बेहद बुद्धिमान, चतुर और शक्तिशाली माना जाता है। उनके पास ऐसी विद्या होने की मान्यता है, जिससे वह मृत व्यक्ति को भी जीवित कर सकते थे।
कौन थे शुक्राचार्य?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शुक्राचार्य महर्षि भृगु के पुत्र थे और इसी वजह से उन्हें ‘भार्गव’ भी कहा जाता है। वह असुरों और दैत्यों के गुरु थे। उन्हें नीति, राजनीति, युद्धनीति और धर्म-अधर्म का गहरा ज्ञान रखने वाला विद्वान माना जाता है। शुक्राचार्य के पास संजीवनी विद्या होने की भी मान्यता है। कहा जाता है कि इस विद्या की मदद से वह मृत व्यक्ति को दोबारा जीवन प्रदान कर सकते थे।
राजा बलि से जुड़ी है महत्वपूर्ण कथा
शुक्राचार्य का संबंध राजा महाबली यानी बलि से भी रहा है। वामन अवतार की कथा में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। मान्यता के अनुसार, जब भगवान विष्णु ने वामन का रूप धारण करके राजा बलि से तीन पग भूमि का दान मांगा, तब शुक्राचार्य समझ गए थे कि वामन कोई साधारण ब्राह्मण नहीं, बल्कि स्वयं भगवान विष्णु हैं।उन्होंने राजा बलि को दान देने से रोकने की कोशिश की, लेकिन बलि अपने वचन से पीछे नहीं हटे। इसके बाद वामन ने तीन पग में पूरी पृथ्वी, आकाश और बलि का सब कुछ अपने अधीन कर लिया।
‘महाकाली’ में दिखेगा नया अवतार
अब इसी पौराणिक चरित्र को अक्षय खन्ना बड़े पर्दे पर निभाते नजर आएंगे। ‘धुरंधर’ के रहमान डकैत के बाद उनका शुक्राचार्य का बिल्कुल अलग रूप दर्शकों के लिए खास होने वाला है। फिल्म में उनके किरदार को किस तरह पेश किया जाता है और वह कहानी में क्या भूमिका निभाते हैं, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।