कर्नाटक - कन्नड़ अभिनेत्री राधिका पंडित ने बेंगलुरु स्थित अपने घर पर बेटी आयरा और बेटे यथर्व के साथ वरमहालक्ष्मी पूजा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर फैंस को परिवार के इस खास पल की झलक दिखाई। उनके पति और अभिनेता यश फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के प्रमोशन में व्यस्त होने के कारण घर पर मौजूद नहीं रह पाए, लेकिन वीडियो कॉल के जरिए पूजा में शामिल हुए।

राधिका ने तस्वीरों के साथ लिखा कि वरमहालक्ष्मी हमें याद दिलाती हैं कि भक्ति के लिए दूरी कोई मायने नहीं रखती। चाहे परिवार साथ बैठकर पूजा करे या वर्चुअली जुड़े, देवी का आशीर्वाद सभी तक समान रूप से पहुंचता है।
यश का शानदार फिल्मी सफर
यश ने कन्नड़ सिनेमा में टीवी से शुरुआत करने के बाद फिल्मों का रुख किया और धीरे-धीरे इंडस्ट्री के बड़े सितारों में शामिल हो गए। ‘मोडलासाला’, ‘राजाहुली’, ‘मिस्टर एंड मिसेज रामचारी’ और ‘मास्टरपीस’ जैसी फिल्मों ने उन्हें कन्नड़ सिनेमा में मजबूत पहचान दिलाई। हालांकि, 2018 में आई ‘केजीएफ: चैप्टर 1’ ने उन्हें देशभर में सुपरस्टार बना दिया। इसके बाद ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ ने उनकी लोकप्रियता को और ऊंचाई दी। फिल्म में उनके रॉकी भाई के किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। यश अब ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म को लेकर उनके फैंस के बीच काफी उत्साह है।

राधिका पंडित का फिल्मी सफर
राधिका पंडित ने भी कन्नड़ मनोरंजन जगत में टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में कदम रखा और कम समय में अपनी पहचान बना ली। उनकी शुरुआती चर्चित फिल्मों में ‘मोग्गिना मनसु’, ‘ओलावे जीवना लक्कव’, ‘ड्रामा’, ‘मिस्टर एंड मिसेज रामचारी’, ‘बहादूर’ और ‘संतू स्ट्रेट फॉरवर्ड’ शामिल हैं।
राधिका और यश की जोड़ी को पर्दे पर भी खूब पसंद किया गया। दोनों ने ‘नाटक’, ‘ड्रामा’ और खास तौर पर ‘मिस्टर एंड मिसेज रामचारी’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। ‘मिस्टर एंड मिसेज रामचारी’ उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी की सबसे लोकप्रिय फिल्मों में गिनी जाती है।
फिल्मी जोड़ी से बने जीवनसाथी
राधिका और यश ने दिसंबर 2016 में शादी की थी। दोनों बेटी आयरा और बेटे यथर्व के माता-पिता हैं। फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने के साथ-साथ यह कपल अपनी फैमिली लाइफ को लेकर भी फैंस के बीच काफी लोकप्रिय है। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर परिवार के खास पलों और एक-दूसरे के लिए प्यार की झलकियां शेयर करते रहते हैं।