मुंबई - वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में जरीना के किरदार से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अनंग्शा बिस्वास ने अपने संघर्ष के दिनों का एक हैरान करने वाला अनुभव साझा किया है। एक पॉडकास्ट में अभिनेत्री ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दौर के दौरान कथित तौर पर कास्टिंग काउच का सामना करने की बात बताई। उन्होंने दावा किया कि करीब 70 साल के एक मशहूर प्रोड्यूसर ने उन्हें ऐसा प्रस्ताव दिया था, जिसे सुनकर वह हैरान रह गई थीं।

घर और गाड़ी देने का किया था वादा
अनंग्शा के मुताबिक, उस समय उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और वह फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं। इसी दौरान एक वरिष्ठ प्रोड्यूसर ने उन्हें अपने साथ रहने का प्रस्ताव दिया। अभिनेत्री का दावा है कि प्रोड्यूसर ने उनके रहने के लिए घर और आने-जाने के लिए गाड़ी उपलब्ध कराने की बात कही थी। हालांकि, इसके बदले उनसे करीब एक साल तक उसके साथ रहने की शर्त रखी गई थी। अनंग्शा ने बताया कि इस प्रस्ताव ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया।

खुद को ‘शुगर डैडी’ की तरह पेश करने का आरोप
अभिनेत्री ने बताया कि संबंधित प्रोड्यूसर ने उन्हें फिल्मों में काम दिलाने और खुद उनके लिए फिल्म बनाने तक का वादा किया था। अनंग्शा के अनुसार, उस व्यक्ति का व्यवहार ऐसा था जैसे वह उनके सामने खुद को ‘शुगर डैडी’ के तौर पर पेश कर रहा हो। इंडस्ट्री में नई होने के कारण अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें इस तरह के अनुभव की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। उनके लिए यह स्थिति बेहद असहज और परेशान करने वाली थी।

बहाना बनाकर वहां से निकलीं
अनंग्शा ने बताया कि प्रोड्यूसर की बातें सुनने के बाद उन्होंने खुद को संभाला और वहां से निकलने के लिए कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आती हैं। मौका मिलते ही वह वहां से निकल गईं और सीधे अपने घर पहुंचीं। अभिनेत्री के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद वह इस घटना को याद कर काफी देर तक रोती रहीं। उन्होंने उस प्रोड्यूसर का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। हालांकि, उनका दावा है कि वह व्यक्ति एक जाना-पहचाना प्रोड्यूसर है और आज भी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय है।

परिवार को भी नहीं बताई थी बात
अनंग्शा ने बताया कि उनका परिवार हमेशा से उनके प्रति काफी सजग और प्रोटेक्टिव रहा है। इसके बावजूद उन्होंने उस समय अपने घरवालों को इस घटना के बारे में नहीं बताया। उन्हें डर था कि अगर उनके पिता को इस घटना की जानकारी मिलती तो वह उन्हें फिल्म इंडस्ट्री छोड़कर वापस घर आने के लिए कह सकते हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने अपने अभिनय के सपने को पूरा करने के लिए काफी संघर्ष किया था और वह किसी भी परिस्थिति में अपना सपना अधूरा नहीं छोड़ना चाहती थीं।अनंग्शा का यह खुलासा फिल्म इंडस्ट्री में नए कलाकारों के सामने आने वाली चुनौतियों और कथित कास्टिंग काउच जैसे गंभीर मुद्दों को फिर चर्चा में ले आया है।
क्या होता है शुगर डैडी ?
शुगर डैडी (Sugar Daddy) एक ऐसा अमीर और उम्र में बड़ा पुरुष होता है जो अपने से काफी कम उम्र की महिला (या साथी) को महंगे उपहार, पैसे, और आरामदायक जीवनशैली जैसी आर्थिक सहायता देता है। इसके बदले में वह महिला उस पुरुष का साथ देती है या उसके साथ समय बिताती है।