बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे इन दिनों अपनी हालिया रिलीज रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'चांद मेरा दिल' को लेकर चर्चा में हैं। जहां एक तरफ फिल्म समीक्षकों और दर्शकों ने इस फिल्म में अनन्या के अभिनय की तारीफ की है, वहीं दूसरी तरफ फिल्म के एक डांस सीक्वेंस ने सोशल मीडिया पर 'शोरगुल' मचा दिया है। फिल्म में भरतनाटym के फ्यूजन डांस को लेकर चंकी पांडे की बेटी अनन्या को नेटिजन्स की भारी नाराजगी और तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।नटराज की मूर्ति के सामने मंच पर अनन्या ने जिस तरह से भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी, उसे देखकर देश के सांस्कृतिक क्षेत्र के एक बड़े वर्ग ने आपत्ति जताई है।
कांग्रेस नेता ने कसा 'नेपो नाट्यम' का तंज
सोशल मीडिया पर अनन्या पांडे की डांस शैली (नृत्यकला) का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है। हद तो तब हो गई जब कांग्रेस नेता डॉ. शमा मोहम्मद ने एक्ट्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए उनके इस डांस को 'नेपो नाट्यम' (Nepo Natyam) तक कह डाला। लगातार हो रही इस खिंचाई के बाद आखिरकार चारों तरफ से घिरीं अनन्या पांडे ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
विवादों के बीच फ्रांस में छुट्टियां मना रहीं अनन्या, कहा- 'जिंदगी बहुत खूबसूरत है'
इस पूरे विवाद और ट्रोलिंग से दूर अनन्या पांडे इन दिनों विदेशों में अपनी लाइफ एन्जॉय कर रही हैं। उन्होंने सुदूर फ्रांस (France) से अपनी बहन के साथ कई रंगीन और खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जहां दोनों डाइटिंग भूलकर स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठा रही हैं। फ्रांस के खूबसूरत मौसम में धूप का आनंद लेते और गाने सुनते हुए अनन्या ने इन विवादों को खुद से दूर रखा है। अपनी तस्वीरों के कैप्शन में उन्होंने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए लिखा: "जिंदगी बहुत खूबसूरत है।"
अनन्या की इस पोस्ट पर उनके प्रशंसक जमकर प्यार बरसा रहे हैं। एक फैन ने लिखा, "एनी, मुझे तुम पर बहुत गर्व है। मैंने अभी 'चांद मेरा दिल' देखी, तुमने बेहतरीन काम किया है।"वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, "आपकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास वाकई प्रेरणादायक है।"
पिता चंकी पांडे और लेखिका शोभा डे आईं समर्थन में
भले ही सोशल मीडिया पर अनन्या के क्लासिकल डांस को लेकर असंतोष जताया जा रहा हो, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री और प्रबुद्ध वर्ग से उन्हें समर्थन भी मिल रहा है। मशहूर लेखिका शोभा डे ने अनन्या का बचाव करते हुए कहा है कि अगर डांस में कोई कमी थी, तो इसके लिए फिल्म के मेकर्स (निर्माता) या कोरियोग्राफर जिम्मेदार हैं, इसके लिए केवल अनन्या को दोष देना बिल्कुल गलत है।
दूसरी ओर, अनन्या के पिता और अभिनेता चंकी पांडे ने भी अपनी बेटी का समर्थन करते हुए कहा है कि यह पूरा विवाद सिर्फ एक 'गलतफहमी' (Misunderstanding) के कारण पैदा हुआ है।