साउथ सिनेमा के मशहूर एक्टर अर्जुन सरजा ने सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। अर्जुन ने बिना नाम लिए तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन पर निशाना साधा है, जिन्होंने बीते दिनों एक बार फिर सदन में सनातन धर्म के खिलाफ विवादित बयानबाजी की थी।
सनातन सिर्फ जीवन जीने की शैली है
मूल रूप से तमिल सिनेमा में काम करने वाले मशहूर एक्टर अर्जुन सरजा की फिल्म 'ब्लास्ट' गुरुवार को रिलीज हुई है। इसी की प्रेस मीट में उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सनातन सिर्फ एक धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने की शैली है।
सनातन धर्म हमें नैतिक जीवन की सीख देता है
63 साल के एक्टर अर्जुन सरजा ने आगे कहा कि, सनातन धर्म हमें नैतिक जीवन की सीख देता है और यह माता-पिता को भगवान की तरह मानना सिखाता है। उन्होंने तर्क देते हुए कहा, 'क्या आप अपने माता-पिता को रिजेक्ट कर सकते हैं? नहीं ना! इसी तरह सनातन को न तो कोई नकार सकता है और न ही इसे मिटा सकता है।
अर्जुन का बयान खूब हो रहा वायरल
अब सोशल मीडिया पर अर्जुन सरजा के इस बयान की खूब चर्चा है। एक्स और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर उनके वीडियो क्लिप खूब शेयर किए जा रहे हैं। अर्जुन सरजा का यह बयान सीधे-सीधे तमिलनाडु के DMK नेता उदयनिधि स्टालिन पर निशाना है, जिन्होंने बार-बार सनातन धर्म को खत्म करने की मांग की है।