मुंबई - दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। भारतीय संगीत जगत की सबसे सम्मानित सिंगर्स में से एक, आशा भोसले ने रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। आज यानी के सोमवार को आशा के पार्थिव शरीर को उनके निवास स्थान पर अंतिम श्रद्धांजलि के लिए रखा गया है।
तमाम सेलेब्स आशा के अंतिम दर्शन करने पहुंचे
तमाम सेलेब्स और फैंस दिग्गज गायिका आशा भोसले के अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे हैं। कई अभिनेताओं ने सोशल मीडिया पर इस महान गायिका को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके निधन से एक युग का अंत हो गया है। इसी क्रम में अभिनेत्री आथिया शेट्टी और बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने भी आशा भोसले को अंतिम श्रद्धांजलि दी है।
अमिताभ बच्चन ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि
बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर पोस्टर कर दिग्गज गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी। आपको बता दें कि, बिग बी ने लिखा - शोक और शोक. एक पूरा युग... एक अविश्वसनीय... एक अद्भुत, आश्चर्यजनक, विलक्षण हस्ती... कल हमें छोड़कर चली गईं... प्रतिष्ठित, महान आशा भोसले जी हमें छोड़कर चली गईं." उन्होंने आगे लिखा, "अत्यंत शोक में... हर गीत को अपनी आवाज़ से लाइफ देने वाली वर्सेटाइल टैलेंट वाली... स्वर्ग सिधार गईं... और हमें इटरनल म्यूजिक का एक पूरा ज्ञानकोश दे गईं... शरीर हमें छोड़कर चला गया... लेकिन उनकी आत्मा हमेशा हमारे साथ रहेगी... उनकी आवाज़ - उनकी आत्मा, हमेशा अमर रहेगी।
आशा के निधन पर भावुक हुए सचिन
क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी आशा भोसले के अंतिम दर्शनों के लिए उनके आवास पहुंचे। इस दौरान सचिन काफी भावुक हो गए। क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजली के साथ मुंबई में आशा भोसले के आवास पर लीजेंडरी सिंगर को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। यहां सचिन आशा भोसले के परिवार से बात करते हुए काफी भावुक हो गए और उनकी आंखें छलक पड़ी, वे बार-बार अपने चेहरे से आंसू पोंछते हुए नजर आए।