एंटरटेनमेंट डेस्क। इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। फिल्म दूसरे हफ्ते में पहुंच चुकी है और इसके बावजूद दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है। 9वें दिन फिल्म के कलेक्शन में एक बार फिर बड़ा उछाल देखने को मिला। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने दूसरे शनिवार को 8.25 करोड़ रुपये का इंडिया नेट कलेक्शन किया।
9वें दिन 43.5 फीसदी बढ़ी कमाई
‘आवारापन 2’ ने दूसरे शुक्रवार को करीब 5.75 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके मुकाबले शनिवार को फिल्म की कमाई 8.25 करोड़ रुपये रही, यानी एक दिन में करीब 43.5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 9वें दिन फिल्म को 10,008 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी करीब 18 फीसदी रही। इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 127.50 करोड़ रुपये और इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 152.11 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
Worldwide Collection 180 करोड़ के पार
फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। 9वें दिन विदेशों से करीब 1.50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसके साथ फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन करीब 28.80 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल कलेक्शन 180 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
200 करोड़ क्लब से अभी इतनी दूर
‘आवारापन 2’ की नजर अब 200 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड आंकड़े पर है। फिल्म को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए करीब 19 करोड़ रुपये और कमाने होंगे। दूसरे वीकेंड में शनिवार को मिले उछाल के बाद रविवार के कलेक्शन पर भी सभी की नजरें टिकी हैं।
अगर रविवार को फिल्म 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करती है, तो 200 करोड़ का आंकड़ा इसके काफी करीब आ जाएगा। हालांकि, इसके बाद फिल्म को वीकडेज में भी अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखनी होगी।
पहले दिन से ही रहा शानदार प्रदर्शन
‘आवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 22 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत की थी। दूसरे दिन फिल्म की कमाई बढ़कर 33.75 करोड़ रुपये हो गई, जबकि तीसरे दिन 26 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसके बाद फिल्म ने चौथे दिन 9.25 करोड़, पांचवें दिन 9.75 करोड़, छठे दिन 6.75 करोड़ और सातवें दिन 6 करोड़ रुपये कमाए। आठवें दिन फिल्म ने करीब 5.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। नौवें दिन 8.25 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म की रफ्तार फिर तेज होती नजर आई।
इमरान हाशमी के करियर की बड़ी हिट बनी फिल्म
‘आवारापन 2’ ने इमरान हाशमी के करियर में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। फिल्म रिलीज के शुरुआती दिनों में ही उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली सोलो फिल्मों में शामिल हो गई थी। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘आवारापन 2’ साल 2007 में आई ‘आवारापन’ का सीक्वल है और इसका निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। अब देखना होगा कि दूसरे रविवार और आने वाले वीकडेज में फिल्म कितनी कमाई करती है और क्या यह बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ के क्लब में जगह बनाने में कामयाब होती है।