मुंबई - बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर तेजी से आगे बढ़ रही है। फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दिनों में ही शानदार कमाई करते हुए 81.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है और अब 100 करोड़ के क्लब से ज्यादा दूर नहीं है। खास बात यह है कि फिल्म ने अपने पहले ही दिन ‘आवारापन’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया था।
पहले दिन 22 करोड़, दूसरे दिन जोरदार उछाल
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने पहले दिन करीब 22 करोड़ रुपये कमाए। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में लगभग 55 फीसदी का उछाल आया और कलेक्शन 33.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। शनिवार को फिल्म के शो भी बढ़ाए गए, जिसका फायदा बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिला।
रविवार को कमाई में आई गिरावट
रविवार को फिल्म के शो की संख्या घटकर करीब 9,403 रह गई। इसका असर कमाई पर भी पड़ा और तीसरे दिन फिल्म ने लगभग 26 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही तीन दिनों में भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 81.75 करोड़ रुपये पहुंच गया।
‘बंटवारा 1947’ से काफी आगे निकली फिल्म
इसी दौरान सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षाकृत धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। फिल्म ने तीसरे दिन करीब 7.25 करोड़ रुपये कमाए और इसका कुल कलेक्शन लगभग 26.50 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह कमाई के मामले में ‘आवारापन 2’ ने इसे काफी पीछे छोड़ दिया है।
100 करोड़ क्लब पर नजर
इंडिपेंडेंस डे वीकेंड का फायदा ‘आवारापन 2’ को मिला है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या फिल्म सोमवार के बाद भी अपनी रफ्तार बरकरार रख पाती है। अगर दर्शकों का रिस्पॉन्स इसी तरह बना रहा तो इमरान हाशमी की फिल्म जल्द ही 100 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर सकती है।
ऐसा रहा इमरान हाशमी का फिल्मी सफर
इमरान हाशमी ने 2003 में ‘फुटपाथ’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद ‘मर्डर’, ‘जहर’, ‘आशिक बनाया आपने’, ‘गैंगस्टर’, ‘जन्नत’, ‘राज: द मिस्ट्री कंटीन्यूज’, ‘वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई’, ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘जन्नत 2’ और ‘शंघाई’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरहके किरदार निभाए।
अब ‘आवारापन 2’ के सामने अगला बड़ा पड़ाव 100 करोड़ रुपये है। शुरुआती प्रदर्शन को देखते हुए फिल्म के पास यह आंकड़ा पार करने का मजबूत मौका है। हालांकि, असली परीक्षा सोमवार से शुरू होगी, जब वीकेंड के बाद दर्शकों की संख्या और कमाई में गिरावट कितनी आती है, यह साफ होगा।