कोलकाता:बंगाली नववर्ष की सुबह जहां पूरा बंगाल उत्सव के माहौल में डूबा है, वहीं टॉलीवुड के मशहूर निर्देशक जोड़ी नंदिता रॉय और शिवप्रसाद मुखोपाध्याय ने अपनी नई फिल्म बहुरूपी: द गोल्डन डाकू' का श्रीगणेश कर दिया है। पूर्वी कोलकाता के बानतला में बुधवार सुबह 'अक्षन' की गूंज के साथ इस बड़ी फिल्म की शूटिंग शुरू हुई।
बड़ी डकैती और बड़े सितारे
साल 2024 की ब्लॉकबस्टर 'बहुरूपी' ने न केवल बंगाल बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वाहवाही बटोरी थी। अब 'विक्रम' के किरदार में शिवप्रसाद एक बार फिर पर्दे पर वापसी कर रहे हैं, लेकिन इस बार मुकाबला और भी कड़ा होने वाला है। इस सीक्वल का सबसे बड़ा सरप्राइज जिशु सेनगुप्ता हैं, जो अब अबीर चटर्जी की जगह शिवप्रसाद के आमने-सामने होंगे। फिल्म के क्लैपस्टिक और लुक को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार 'डकैती' का स्तर और भी बड़ा और अंतरराष्ट्रीय होने वाला है।
सेट पर सितारों का जमावड़ा
शूटिंग के पहले दिन सेट पर शिवप्रसाद मुखोपाध्याय और नंदिता रॉय के साथ अभिनेत्री कौशानी मुखर्जी और अनुभवी अभिनेता प्रदीप भट्टाचार्य मौजूद रहे। फिल्म में सोहिनी सरकार भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, जो पहली बार विंडोज प्रोडक्शन के साथ काम कर रही हैं। हालांकि, वह कुछ दिनों बाद शूटिंग यूनिट से जुड़ेंगी।
सक्सेसफुल जोड़ी की वापसी
'झिमली' और 'विक्रम' के रूप में कौशानी-शिवप्रसाद की केमिस्ट्री को दर्शकों ने पिछली बार बहुत सराहा था, जिसे देखते हुए इस बार भी यह जोड़ी पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है। फिल्म के संगीत पक्ष को मजबूत करने के लिए अनुपम रॉय, शिलाजीत मजूमदार और बोनी चक्रवर्ती जैसे दिग्गज कलाकारों का साथ मिला है।
फिल्म की शुरुआत पर टॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक कौशिक गांगुली ने भी शिवप्रसाद को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विंडोज प्रोडक्शन की यह नई कहानी सिनेमा के पर्दे पर एक बार फिर रोशनी बिखेरेगी। यह फिल्म आगामी दुर्गा पूजा के दौरान रिलीज होने की संभावना है।