हैदराबाद - साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु इन दिनों अपने करियर और निजी जीवन को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। उनकी हालिया रिलीज फिल्म ‘मा इंटी बंगारम’ को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। वहीं, निजी जिंदगी में भी उनके लिए खुशियों भरा दौर बताया जा रहा है।
चिरंजीवी और सुरेखा ने की खास मुलाकात
इसी बीच तेलुगु सिनेमा के मेगास्टार चिरंजीवी अपनी पत्नी सुरेखा कोनिडेला के साथ सामंथा और उनके पति राज निदिमोरुसे मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दोनों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चिरंजीवी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं। तस्वीरों में वह सामंथा को साड़ी और अन्य उपहार भेंट करते नजर आए। वहीं एक अन्य तस्वीर में उन्होंने कपल को गुलदस्ता देकर बधाई दी। तस्वीरों में सभी के चेहरे पर खुशी और अपनापन साफ दिखाई दे रहा है।
फिल्म की सफलता पर दी बधाई
मुलाकात के दौरान चिरंजीवी ने ‘मा इंटी बंगारम’ की सफलता के लिए सामंथा को बधाई दी। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और दर्शकों ने सामंथा के अभिनय की भी सराहना की है। ऐसे में इंडस्ट्री के वरिष्ठ कलाकार की ओर से मिली शुभकामनाओं को सामंथा के लिए विशेष माना जा रहा है। चिरंजीवी और सामंथा की यह मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। फैंस तस्वीरों पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और दोनों कलाकारों के बीच दिखे स्नेह की तारीफ कर रहे हैं। कई प्रशंसकों ने इसे साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मजबूत पारिवारिक और पेशेवर रिश्तों का उदाहरण बताया।
नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं
फिल्मी सफलता के साथ-साथ सामंथा के निजी जीवन को लेकर भी लगातार चर्चाएं हो रही हैं। ऐसे में चिरंजीवी और सुरेखा की ओर से मिला आशीर्वाद और शुभकामनाएं उनके जीवन के इस नए अध्याय को और खास बनाती नजर आ रही हैं।