मुंबई: सिनेप्रेमी पिछले 14 सालों से जिस पल का इंतजार कर रहे थे, वह आखिरकार खत्म होने वाला है। साल 2012 में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी स्टारर सुपरहिट रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘कॉकटेल’ के सीक्वल ‘कॉकटेल 2’ (Cocktail 2) को देखने के लिए फैंस बेहद उत्साहित हैं। यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बार मेकर्स ने 'पुरानी बोतल में नई शराब' पेश करते हुए पूरी स्टारकास्ट को बदल दिया है, लेकिन दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है और फिल्म की शानदार एडवांस बुकिंग इसका साफ सबूत दे रही है।
इस बार सैफ अली खान की जगह 'रोमियो' के रूप में शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) नजर आएंगे, जबकि दीपिका और डायना की जगह बॉलीवुड सुंदरी कृति सेनन (Kriti Sanon) और साउथ की 'नेशनल क्रश' रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) ने ली है। इस नई तिकड़ी की केमिस्ट्री ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर हलचल तेज कर दी है।
एडवांस बुकिंग में 'कॉकटेल 2' का तूफान
इंडस्ट्री ट्रैकर 'सैकनिल्क' (Sacnilk) की रिपोर्ट के मुताबिक, 'कॉकटेल 2' ने रिलीज से पहले ही भारत में 2.49 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग कर ली है। अगर इसमें 'ब्लॉक सीट्स' को भी जोड़ दिया जाए, तो यह आंकड़ा बढ़कर 4.66 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। देश भर में फिल्म के 70 हजार से अधिक टिकट पहले ही बिक चुके हैं।
महाराष्ट्र और दिल्ली-NCR में सबसे ज्यादा क्रेज
इस फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा दीवानगी महाराष्ट्र में देखी जा रही है।
महाराष्ट्र: यहाँ 1,491 शोज़ के लिए 62.15 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है, जो ब्लॉक सीट्स के साथ 97.24 लाख रुपये तक पहुंच जाती है।
इसके अलावा दिल्ली-NCR, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े मेट्रो शहरों में भी फिल्म को लेकर दर्शकों का रिस्पॉन्स बेहद शानदार है।
पहले दिन कितनी होगी कमाई?
एडवांस बुकिंग के इन शानदार आंकड़ों को देखकर बॉक्स ऑफिस विशेषज्ञों का अनुमान है कि फिल्म अपने ओपनिंग डे (Opening Day) पर ही 4 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस आसानी से कर लेगी। फिल्म समीक्षकों का मानना है कि जैसे-जैसे समय बढ़ेगा, इसकी बुकिंग में और भी बड़ा उछाल आएगा। मौजूदा ट्रेंड्स को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि 'कॉकटेल 2' अपने पहले दिन 5 से 10 करोड़ रुपये के बीच का बंपर कलेक्शन कर सकती है।