कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में अपनी 'सौम्यता और शालीनता' के लिए पहचाने जाने वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के स्टार सांसद और अभिनेता दीपक अधिकारी (देव) ने राज्य में सरकार बदलने के बाद एक बड़ा बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी है। शुक्रवार रात अपनी नई फिल्म 'फेरा' (Fera) के प्रीमियर के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए देव ने साफ कहा कि तृणमूल शासन के दौरान बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने जो मुश्किलें झेली हैं, उम्मीद है कि नई सरकार के आने के बाद अब किसी और कलाकार को वो सब नहीं झेलना पड़ेगा।
"थोड़ा धैर्य रखें, सरकार चलाने के लिए एक साल का वक्त दें"
टॉलीवुड में कलाकारों और तकनीशियनों के लिए हाल ही में लागू हुए नए हेल्थ कार्ड और नई सरकार की कार्यप्रणाली पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए देव ने कहा, "सभी को थोड़ा धैर्य रखना चाहिए। सरकार चलाना इतना आसान नहीं है कि महज एक महीने के भीतर ही सारे नतीजे दिखने लगें। यह एक नया सिस्टम है, यहां तक कि अभी मंत्रियों के विभागों की पूरी घोषणा भी नहीं हुई है। मेरा विश्वास है कि यह सरकार हर मोर्चे पर अच्छा काम करेगी। नई सरकार को मेरी और पूरे बंगाल की जनता की शुभकामनाएं हैं।"
पिछली सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए सुपरस्टार ने आगे जोड़ा, "पिछली सरकार (TMC) के कार्यकाल में मैंने टॉलीवुड में जिस तरह की प्रताड़ना या मुश्किलें झेली हैं, कम से कम इस बार वैसा कुछ नहीं होगा, ऐसी मैं उम्मीद कर रहा हूँ। काम के नतीजे देखने के लिए हमें इस सरकार को कम से कम एक साल का समय देना चाहिए।"
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मेदिनीपुर पर बोले देव
देव और राज्य के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, दोनों ही मेदिनीपुर के रहने वाले हैं। जब पत्रकारों ने इस संबंध में देव से उनकी राय जाननी चाही, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "यह तो बहुत अच्छी बात है मेदिनीपुर हमेशा से हर क्षेत्र में आगे रहा है, आज भी आगे है और आने वाले दिनों में भी आगे रहेगा।"
इससे पहले भी देव ने बंगाल की नई भाजपा सरकार का स्वागत किया था और कहा था कि वह अपने लोकसभा क्षेत्र के 'घाटल मास्टर प्लान' (बाढ़ नियंत्रण परियोजना) को धरातल पर उतारने के लिए नई सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी इस पर सक्रियता दिखाते हुए केंद्र सरकार के साथ मिलकर उचित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। देव ने नई सरकार से यह भी अपील की है कि फिल्म इंडस्ट्री में अब किसी भी कलाकार को राजनीतिक कारणों से 'बैन' (प्रतिबंधित) न किया जाए और हर कोई स्वतंत्र रूप से काम कर सके।
राजनीति के मैदान में 'सज्जन राजनेता' हैं देव
साल 2011 में बंगाल में हुए ऐतिहासिक परिवर्तन के बाद, देव ने 2014 में ममता बनर्जी के नेतृत्व में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। अपने 12 साल के राजनीतिक करियर में देव ने घाटल लोकसभा सीट से सांसद के रूप में जीत की हैट्रिक लगाई है। उनकी सबसे बड़ी खासियत यह रही है कि चुनाव प्रचार के मंचों से उन्होंने कभी भी विरोधी दलों के खिलाफ किसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। टीएमसी का सांसद होने के बावजूद उन्होंने इंडस्ट्री के बीजेपी समर्थक कलाकारों (जैसे रूपा गांगुली और मिथुन चक्रवर्ती) के साथ फिल्में बनाईं, जिसके लिए उन्हें अपनी ही पार्टी के भीतर कई बार विरोध का सामना करना पड़ा था, लेकिन देव हमेशा अपनी शर्तों पर अड़े रहे।