मुंबई/चंडीगढ़: मनोरंजन जगत से राजनीति में कदम रखना अब एक आम बात हो गई है, लेकिन पंजाबी रॉकस्टार दिलजीत दोसांझ ने इसके बिल्कुल उलट रास्ता चुना है। अपनी गायकी और अभिनय से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले दिलजीत ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है।दरअसल, 'पंजाबी ट्रिब्यून' नाम के एक मीडिया संस्थान ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया था कि क्या दिलजीत दोसांझ पंजाब का नया राजनीतिक चेहरा बन सकते हैं? इस पोस्ट को शेयर करते हुए दिलजीत ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "कभी नहीं। मेरा काम लोगों का मनोरंजन करना है। मैं अपने क्षेत्र में ही बहुत खुश हूँ। बहुत-बहुत धन्यवाद।"
थलपति विजय के विपरीत फैसला
दिलजीत का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दक्षिण भारतीय अभिनेता थलपति विजय ने अपनी राजनीतिक पारी की धमाकेदार शुरुआत की है। विजय की पार्टी ने हाल ही में तमिलनाडु चुनावों में 108 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया है। जहाँ एक तरफ मनोरंजन जगत के बड़े सितारे सत्ता के गलियारों में अपनी जगह बना रहे हैं, वहीं दिलजीत ने खुद को सिर्फ कला और सिनेमा तक सीमित रखने का फैसला किया है।
वर्क फ्रंट पर दिलजीत
दिलजीत इन दिनों अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। 'अमर सिंह चमकीला' में अपनी शानदार अदाकारी के बाद, वे जल्द ही इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा’ में नजर आएंगे। हाल ही में उन्हें जेपी दत्ता की फिल्म 'बॉर्डर 2' में भी देखा गया था।