बॉलीवुड के सीरियल किसर और हॉरर फिल्मों के सुपरस्टार इमरान हाशमी एक बार फिर बड़े पर्दे पर डर और रहस्य का तड़का लगाने के लिए तैयार हैं। जहां उनके फैंस बेसब्री से 'आवारापन 2' का इंतजार कर रहे हैं, वहीं इसी बीच अभिनेता ने एक और बड़ा सरप्राइज दे दिया है। करीब पांच साल बाद इमरान हाशमी हॉरर जॉनर में वापसी कर रहे हैं और उनकी नई फिल्म 'रूह' (Rooh) का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। दिलचस्प बात यह है कि 'रूह' सिर्फ एक हॉरर फिल्म नहीं होगी, बल्कि इसे एक हाई-कॉन्सेप्ट म्यूजिकल हॉरर फिल्म के तौर पर बनाया जा रहा है। यानी दर्शकों को इस फिल्म में डर, इमोशन और म्यूजिक का एक अलग ही मिश्रण देखने को मिलेगा।
5 साल बाद हॉरर जॉनर में वापसी करेंगे इमरान हाशमी
इमरान हाशमी की आखिरी हॉरर फिल्म 'डिब्बुक' थी, जो साल 2021 में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। इसके बाद अभिनेता ने इस जॉनर से दूरी बना ली थी। हालांकि अब 'रूह' के जरिए वह एक बार फिर उसी दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं, जिसने उन्हें बॉलीवुड का 'हॉरर किंग' बनाया। इमरान हाशमी इससे पहले 'राज', 'राज 3', 'एक थी डायन' और 'राज: रीबूट' जैसी कई सुपरहिट हॉरर फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था और दर्शकों के बीच उनकी अलग पहचान बनाई थी।
'रूह' होगी एक म्यूजिकल हॉरर फिल्म
नई फिल्म 'रूह' को निर्देशक मयंक शर्मा निर्देशित करेंगे। फिल्म की कहानी मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने मिलकर लिखी है। विशाल कपूर इससे पहले 'लापाछपी' और 'छोरी' जैसी चर्चित फिल्मों से जुड़े रहे हैं। फिल्म का निर्माण विकेड फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। इसके निर्माता विक्रम खाखर और सनी खन्ना हैं। मेकर्स का दावा है कि 'रूह' दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देने वाली है, जिसमें हॉरर के साथ-साथ संगीत और भावनाओं का भी गहरा मेल देखने को मिलेगा।
हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी फिल्म
फिल्म 'रूह' को सिर्फ हिंदी में ही नहीं, बल्कि तमिल और तेलुगु भाषा में भी रिलीज किया जाएगा। मेकर्स ने इसकी रिलीज के लिए साल 2027 का लक्ष्य रखा है। यानी इमरान हाशमी के फैंस को इस नई हॉरर दुनिया को देखने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।
'आवारापन 2' की शूटिंग में भी व्यस्त हैं इमरान
फिलहाल इमरान हाशमी अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' की शूटिंग में व्यस्त हैं। पहली फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था और अब इसके सीक्वल को लेकर भी फैंस में काफी उत्साह है। इसी बीच 'रूह' की घोषणा ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर भी अभिनेता की नई फिल्म को लेकर काफी चर्चा हो रही है।
इमरान हाशमी ने फिल्म को लेकर क्या कहा?
'रूह' के बारे में बात करते हुए इमरान हाशमी ने कहा कि यह फिल्म उन्हें पहली ही बार में आकर्षित कर गई थी। उन्होंने कहा- "रूह एक ऐसी फिल्म है जिसने मुझे तुरंत अपनी ओर खींच लिया, क्योंकि यह नए दौर के हॉरर, इमोशन और म्यूजिक को बेहद शानदार तरीके से एक साथ लेकर आती है। दर्शकों ने हमेशा मुझे इस जॉनर से जोड़ा है और मयंक शर्मा जो दुनिया तैयार कर रहे हैं, वह बेहद इमोशनल और सिनेमाई लगती है।"
क्यों खास मानी जा रही है 'रूह'?
फिल्म विशेषज्ञों का मानना है कि बॉलीवुड में हॉरर-कॉमेडी फिल्मों का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है, लेकिन म्यूजिकल हॉरर फिल्मों पर बहुत कम काम हुआ है। ऐसे में 'रूह' इस जॉनर में एक नया प्रयोग साबित हो सकती है। अगर फिल्म की कहानी और संगीत दर्शकों को पसंद आते हैं, तो यह इमरान हाशमी के करियर की एक और बड़ी हिट बन सकती है।