छोटे बजट की डिवोशनल ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है। नीम करौली बाबा की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म ने अपनी लागत से करीब 27 गुना ज्यादा कमाई कर सबको हैरान कर दिया है।
31वें दिन ‘टॉक्सिक’ को छोड़ा पीछे
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 31 अगस्त को ‘हनुमान अंश’ ने हिंदी भाषा में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 5.50 करोड़ रुपये कमाए। वहीं यश की करीब 500 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने हिंदी में 4.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। यानी सोमवार को ‘हनुमान अंश’ ने हिंदी में ‘टॉक्सिक’ से करीब 1.10 करोड़ रुपये ज्यादा कमाए।
सिर्फ 2 करोड़ का बजट, कमाई पहुंची कई गुना
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ का बजट करीब 1.75 से 2 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। अगर 2 करोड़ रुपये का बजट माना जाए, तो फिल्म अब तक अपनी लागत से लगभग 27 गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है और ब्लॉकबस्टर साबित हो गई है।
शुरुआत में नहीं मिला था खास रिस्पॉन्स
खास बात यह है कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी। रिलीज के 16वें दिन तक फिल्म की कुल कमाई महज 2.48 करोड़ रुपये थी। इसके बाद फिल्म की कमाई ने अचानक रफ्तार पकड़ ली और 17वें दिन ही इसने 2.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया।
24वें दिन कमाए 12.75 करोड़
फिल्म ने 24वें दिन सबसे बड़ा सरप्राइज दिया, जब एक ही दिन में 12.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद से फिल्म की कमाई का सिलसिला लगातार जारी है। कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ की इस शानदार कमाई ने बॉक्स ऑफिस पर बड़े बजट की फिल्मों के सामने एक अलग मिसाल पेश कर दी है।