गुरुग्राम: गुरुग्राम में एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान किया गया मजाक अब बड़े विवाद का रूप ले चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक वीडियो क्लिप के बाद 22 वर्षीय वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा को उनकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया है। वहीं इस पूरे विवाद के केंद्र में रहे स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के बाद अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट या डीएक्टिवेट कर दिया है। मामला सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।
कॉमेडी शो की एक टिप्पणी से शुरू हुआ पूरा विवाद
दरअसल, गुरुग्राम में आयोजित एक लाइव क्राउड-वर्क कॉमेडी शो के दौरान दर्शकों से बातचीत करते हुए हिमांशु जांगड़ा ने अपने एक डेटिंग अनुभव का जिक्र किया था। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने एक महिला पर करीब 360 से 370 रुपये की चिकन बिरयानी का खर्च किया था। इसके बाद उन्होंने ऐसा बयान दिया, जिसे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और असंवेदनशील बताया। शो के दौरान कॉमेडियन प्रणित मोरे ने भी इस बातचीत पर प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर बढ़ा विरोध, कॉमेडियन ने मांगी माफी
वीडियो वायरल होने के बाद इंस्टाग्राम, एक्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने वीडियो में कही गई बातों को गलत बताते हुए विरोध दर्ज कराया। बढ़ते विवाद के बीच प्रणित मोरे ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए कहा कि दर्शक द्वारा कही गई बातें उनके निजी विचार नहीं हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें उस समय अधिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी। इसके साथ ही संबंधित वीडियो को भी हटाने की जानकारी दी गई।
कंपनी ने कर्मचारी के खिलाफ लिया बड़ा फैसला
विवाद बढ़ने के बाद गुरुग्राम स्थित कंपनी स्टारविक डिजाइन ने अपने कर्मचारी हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से हटा दिया। कंपनी के संस्थापक विवेक विश्वकर्मा ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई गई बातें कंपनी के मूल्यों और कार्यसंस्कृति के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी ऐसे विचारों का समर्थन नहीं करती और न ही चाहती है कि इस तरह की सोच युवाओं को प्रभावित करे।
ऑफिस में व्यवहार को लेकर नहीं मिली कोई शिकायत
कंपनी ने निर्णय लेने से पहले आंतरिक स्तर पर भी समीक्षा की। विवेक विश्वकर्मा ने बताया कि महिला कर्मचारियों सहित पूरी टीम से बातचीत की गई और हिमांशु के कार्यालयी व्यवहार का मूल्यांकन किया गया। जांच के दौरान उनके खिलाफ किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई। सहकर्मियों ने उन्हें पेशेवर, मेहनती और सम्मानजनक व्यवहार वाला कर्मचारी बताया। हालांकि कंपनी का कहना है कि कार्यस्थल के बाहर हुई घटना का प्रभाव अब कार्यस्थल पर भी पड़ रहा था, इसलिए संगठन के हितों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
एल्विश यादव ने भी किया पोस्ट, विवाद पर दी प्रतिक्रिया
इस मामले पर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एल्विश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए बिना किसी का नाम लिए पूरे विवाद पर तंज कसा। उनकी पोस्ट भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस मामले पर अलग-अलग राय व्यक्त कर रहे हैं। फिलहाल यह विवाद सोशल मीडिया, कॉमेडी कंटेंट और सार्वजनिक जिम्मेदारी को लेकर नई बहस को जन्म दे रहा है।