मुंबई - अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने सोशल मीडिया पर उन्हें ‘अंधभक्त’ कहने वाले ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। वीडियो शेयर करते हुए ईशा ने कहा कि अगर भारत से प्यार करना, देश पर विश्वास रखना और उसकी तरक्की की कामना करना ‘अंधभक्ति’ है, तो वह इस पहचान को गर्व से स्वीकार करती हैं।

‘मेरी भक्ति किसी राजनीतिक पार्टी के लिए नहीं’
ईशा ने साफ किया कि उनकी निष्ठा किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि देश के लिए है। उन्होंने कहा कि उनके लिए राष्ट्र सबसे पहले है। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि देश ने हमें क्या दिया, यह पूछने के बजाय हर व्यक्ति को सोचना चाहिए कि वह अपनी सोच और काम के जरिए देश के लिए क्या बेहतर कर सकता है।
ईशा कोप्पिकर का फिल्मी सफर
ईशा कोप्पिकर ने 1990 के दशक के आखिर में मनोरंजन जगत में कदम रखा। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया। मॉडलिंग और विज्ञापनों से पहचान बनाने के बाद उन्होंने बॉलीवुड में अपनी जगह बनाई।
ईशा को शुरुआती दौर में ‘फिजा’ और ‘प्यार इश्क और मोहब्बत’ जैसी फिल्मों से पहचान मिली। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता फिल्म ‘कंपनी’ के गाने खल्लास से मिली। यह गाना उनके करियर के सबसे चर्चित डांस नंबरों में शामिल है और इसके बाद उन्हें ‘खल्लास गर्ल’ के नाम से भी पहचाना जाने लगा।

इन फिल्मों में भी आईं नजर
ईशा ने अपने करियर में ‘डॉन: द चेज बिगिन्स अगेन’, ‘डॉन 2’, ‘कृष्णा कॉटेज’, ‘क्या कूल हैं हम’, ‘36 चाइना टाउन’, ‘एक विवाह... ऐसा भी’ और ‘शबरी’ जैसी फिल्मों में काम किया। खास तौर पर ‘डॉन’ में उनका अभिनय और ‘कंपनी’ का ‘खल्लास’ गाना उनके चर्चित कामों में गिना जाता है। फिल्मों के अलावा ईशा ने टेलीविजन और डिजिटल प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है।
अब बयान को लेकर चर्चा में
ईशा का ताजा बयान उनके फिल्मी करियर से अलग उनके व्यक्तिगत विचारों और देश के प्रति नजरिए को लेकर चर्चा में है। अभिनेत्री ने अपने संदेश में साफ किया कि देश के प्रति प्रेम को किसी राजनीतिक दल से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उनका कहना है कि हर नागरिक को अपने स्तर पर देश की प्रगति में योगदान देने के बारे में सोचना चाहिए।