साल 2024 में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने वाली फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ (Kalki 2898 AD) के सीक्वल को लेकर इन दिनों कयासों का बाजार गर्म है। 'शहंशाह' अमिताभ बच्चन, कमल हासन, प्रभास और दीपिका पादुकोण जैसे दिग्गज सितारों से सजी इस फिल्म ने न सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में भी ताबड़तोड़ कमाई की थी। लेकिन अब इसके सीक्वल यानी 'कल्कि 2' (Kalki 2) को लेकर मेकर्स की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। खबर है कि फिल्म में 'सुमति' का मुख्य किरदार निभाने वाली दीपिका पादुकोण इस प्रोजेक्ट से बाहर हो गई हैं, जिसके बाद मेकर्स को उनकी रिप्लेसमेंट मिल गई है।
फीस और डेट्स के चक्कर में दीपिका ने छोड़ी फिल्म
सिनेमा गलियारों से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक, मेकर्स के साथ फीस (पारिश्रमिक) और शूटिंग शेड्यूल को लेकर हुए मतभेदों के बाद दीपिका पादुकोण ने इस मेगा बजट प्रोजेक्ट से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। दीपिका के जाने के बाद मेकर्स ने ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा से संपर्क किया था, ताकि वह दीपिका को टक्कर दे सकें। लेकिन खबरों की मानें तो 'देसी गर्ल' ने दीपिका से भी कहीं ज्यादा भारी-भरकम फीस की मांग कर डाली, जिसके बाद मेकर्स के पैर पीछे खिंच गए।
अब आलिया भट्ट पर टिका मेकर्स का भरोसा
प्रियंका चोपड़ा से बात न बनने के बाद आखिरकार 'कल्कि' के मेकर्स ने बॉलीवुड की नंबर वन एक्ट्रेस आलिया भट्ट का रुख किया है। हाल ही में हुए एक घटनाक्रम ने इस चर्चा को और हवा दे दी है कि आलिया ही अब 'कल्कि 2' की नई 'सुमति' होने वाली हैं। दरअसल, प्रभास और आलिया भट्ट के बीच सोशल मीडिया पर हुई एक बातचीत ने इन अफवाहों पर लगभग मुहर लगा दी है।
प्रभास ने की आलिया की तारीफ, मिला हिंट
यशराज फिल्म्स की अपकमिंग स्पाई यूनिवर्स फिल्म 'अल्फा' (Alpha) की पहली झलक में आलिया भट्ट का खतरनाक एक्शन अवतार देखने को मिला है। आलिया के इस दमदार रूप को देखकर खुद साउथ सुपरस्टार प्रभास भी उनके मुरीद हो गए हैं। प्रभास ने अपने सोशल मीडिया पर 'अल्फा' का ट्रेलर शेयर करते हुए आलिया की जमकर तारीफ की।
प्रभास ने लिखा: "‘अल्फा’ का ट्रेलर शानदार है। यह बेहद उम्मीदें जगाने वाला है। 3 जुलाई को रिलीज होने वाली इस फिल्म के लिए आलिया भट्ट, यशराज फिल्म्स और पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं।"
प्रभास के इस पोस्ट पर तुरंत रिएक्ट करते हुए आलिया भट्ट ने भी उन्हें धन्यवाद दिया और साथ में एक 'सूरज' (Sun) का इमोजी पोस्ट किया। दोनों सुपरस्टार्स के बीच की इस बॉन्डिंग को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि आलिया भट्ट ने 'कल्कि 2' साइन कर ली है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा भी हो सकती है।