मुंबई - बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर के साथ 'डॉन 3' को लेकर हुए विवाद सुपरस्टार रणवीर सिंह लगातार चर्चा में हैं। अभिनेता के खिलाफ फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के नॉन को-ऑपरेशनल नोटिस जारी किए जाने के बाद से ये मामला और भी गर्मा चुका है। FWICE के इस नोटिस ने बॉलीवुड में बहस छेड़ दी है।
रणवीर के समर्थन में उतरी कंगना
कई सेलिब्रिटी अभिनेता रणवीर सिंह के समर्थन में आ चुके हैं। वहीं फिल्ममेकर टीपी अग्रवाल तो फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के खिलाफ कोर्ट तक पहुंच गए हैं। अब बीजेपी की सांसद और बॉलीवुड सबसे चर्चित अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी इस पूरे मामले पर रिएक्शन दिया है। बता दें कि, कंगना रनौत अपनी अपकमिंग फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को लेकर चर्चा में हैं।
मुझे तो सबने बैन कर रखा है - कंगना
एक्ट्रेस कंगना रनौत ने रणवीर सिंह और डॉन 3 विवाद पर रिएक्ट करते हुए कहा कि, मुझे तो सबने बैन कर रखा है। जब आपकी हैसियत बढ़ने लगती है तो आपके दुश्मन भी बढ़ने लगते हैं। तो ऐसा नहीं हो सकता कि आपकी हैसियत बढ़े और दुश्मन ना बढ़ें। तो उन्हें सोचना चाहिए कि उनकी क्या हैसियत है। विरोध करने वाले आपकी हैसियत के साथ बढ़ते जाते हैं, लेकिन आपको डरना या घबराना नहीं है।
चुनौतियां सफलता का एक स्वाभाविक हिस्सा हैं
बीजेपी नेत्री कंगना रनौत ने अपने बयान में आगे कहा है कि, चुनौतियां सफलता का एक स्वाभाविक हिस्सा हैं और इन चुनौतियों से किसी को हतोत्साहित नहीं होना चाहिए। कंगना अपनी बात जारी रखते हुए कहती हैं- 'जब आप जिंदगी में आगे बढ़ने लगते हैं, कई तरह की बाधाएं आपके रास्ते में आती हैं। हमेशा सब कुछ आसान नहीं हो सकता। कोई बात नहीं। सब ठीक है। आखिरी में सब ठीक होता है।