नई दिल्ली - झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और बॉलीवुड की चुप्पी को लेकर चल रही बहस अब फिल्म इंडस्ट्री के दो चर्चित कलाकारों के बीच बयानबाजी तक पहुंच गई है। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयान को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन पर तीखा हमला बोला है।
नसीरुद्दीन शाह ने उठाए थे सवाल
दरअसल, दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों के प्रदर्शन के मुद्दे पर बॉलीवुड के बड़े सितारों की चुप्पी पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि कलाकार तब ही किसी मुद्दे पर बोलते हैं, जब उनकी अंतरात्मा उन्हें ऐसा करने के लिए कहती है। उनके इस बयान के बाद छात्र आंदोलनों और फिल्मी सितारों की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हुई।
कंगना ने की तीखी टिप्पणी
वहीं नसीरुद्दीन शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शाह पर तंज कसते हुए उनकी तुलना ‘लोमड़ी’ से की और आरोप लगाया कि वह देश में रहकर देश के बजाय पड़ोसी देश के पक्ष में आवाज उठाते हैं। कंगना की टिप्पणी के बाद दोनों कलाकारों के विचारों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। हालांकि, यह मामला केवल व्यक्तिगत बयानबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्र आंदोलनों, सेलिब्रिटीज की सामाजिक जिम्मेदारी और सार्वजनिक मुद्दों पर कलाकारों की भूमिका को लेकर भी नई चर्चा पैदा कर रहा है।
सोशल मीडिया पर बढ़ी बहस
भारतीय जनता पार्टी की फायर ब्रांड नेत्री कंगना रनौत के बयान के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स अलग-अलग राय व्यक्त कर रहे हैं। कुछ लोग कंगना के समर्थन में हैं, जबकि कुछ नसीरुद्दीन शाह के बयान को कलाकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल छात्र प्रदर्शन को लेकर बॉलीवुड हस्तियों की प्रतिक्रियाओं का मुद्दा लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
कंगना रनौत ने भी बोला हमला
वहीं दूसरे बयान में भाजपा सांसद कंगना रनौत ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले कुछ मुद्दों पर सदन में चर्चा की मांग कर रहे थे, लेकिन चर्चा का अवसर मिलने पर पीछे हट गए। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सदन को सुचारू रूप से चलने देना चाहिए।