मुंबई - बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। विदेश से छुट्टियां मनाकर मुंबई लौटने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी तीसरी प्रेग्नेंसी की अफवाहें तेजी से फैलने लगीं। दरअसल, करीना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद कुछ यूजर्स ने उनके प्रेग्नेंट होने के कयास लगाने शुरू कर दिए। हालांकि, करीना की टीम और उनकी ननद सबा पटौदी ने इन खबरों को खारिज कर दिया था। अब खुद करीना ने भी एक इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इन अफवाहों पर मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी है।
करीना ने शेयर किया मजेदार वीडियो
करीना ने एक यूजर की इंस्टाग्राम पोस्ट को अपनी स्टोरी पर री-शेयर किया। वीडियो में एक शख्स अपना पेट दिखाते हुए मिरर सेल्फी लेता नजर आ रहा है। इसके बैकग्राउंड में फिल्म 'हम आपके हैं कौन..' का लोकप्रिय गाना 'चॉकलेट, लाइम जूस' सुनाई दे रहा है। वीडियो में पिज्जा और हंसने वाले इमोजी भी दिखाई दे रहे हैं। यह पोस्ट सेलिब्रिटी हेयर और मेकअप आर्टिस्ट मितेश रजानी ने शेयर की थी, जिसे करीना ने री-पोस्ट करते हुए लिखा- 'हट ना बे'। उनके इस मजाकिया अंदाज को तीसरी प्रेग्नेंसी की खबरों पर अप्रत्यक्ष जवाब माना जा रहा है।
पहले भी प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर दे चुकी हैं सफाई
यह पहली बार नहीं है जब करीना कपूर की प्रेग्नेंसी को लेकर सोशल मीडिया पर अटकलें लगी हों। इससे पहले न्यूयॉर्क वेकेशन के दौरान भी उनकी एक तस्वीर और इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर ऐसी ही चर्चा शुरू हो गई थी। उस समय करीना ने स्पष्ट किया था कि उनके पेट के फूले हुए दिखने की वजह पिज्जा और वाइन थी। उन्होंने लोगों से अफवाहों को ज्यादा बढ़ाने से बचने की अपील भी की थी।
करीना और सैफ के हैं दो बच्चे
करीना कपूर और सैफ अली खान ने 2012 में शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं- तैमूर अली खान और जहांगीर अली खान (जेह)। दोनों अक्सर अपने बच्चों से जुड़ी तस्वीरों और पारिवारिक पलों को लेकर चर्चा में रहते हैं। फिलहाल करीना की ओर से तीसरी प्रेग्नेंसी को लेकर कोई ऐसी घोषणा नहीं की गई है। उनकी हालिया इंस्टाग्राम स्टोरी को देखते हुए इतना जरूर कहा जा सकता है कि एक्ट्रेस ने इन अफवाहों को गंभीरता से लेने के बजाय हंसी-मजाक के अंदाज में जवाब देना पसंद किया है।