मुंबई - साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। रिलीज से पहले ही फिल्म के गाने, एक्शन और कियारा के किरदार को लेकर काफी चर्चा है। इसी बीच फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है, जिसमें कियारा के प्रोफेशनल डेडिकेशन की जमकर तारीफ हुई है।
6 महीने की प्रेग्नेंसी में शूटिंग करती रहीं कियारा
फिल्म के प्रमोशन के दौरान अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने कियारा आडवाणी के काम के प्रति समर्पण का जिक्र किया। हुमा ने बताया कि फिल्म के एक सीन की शूटिंग तेज बारिश के बीच की जा रही थी। लगातार बारिश और मुश्किल परिस्थितियों के कारण उन्हें सिर में तेज दर्द होने लगा था। हुमा ने कहा कि वह उस सीन को लेकर शिकायत करने वाली थीं, लेकिन तभी उनकी नजर कियारा पर पड़ी। उस वक्त कियारा करीब 6 महीने की प्रेग्नेंट थीं और इसके बावजूद वह बिना शिकायत किए अपना मुश्किल सीन शूट कर रही थीं। हुमा के मुताबिक, कियारा को उस हालत में काम करते देखकर वह काफी प्रभावित और प्रेरित हुईं।
कियारा की हिम्मत देखकर हुमा हुईं प्रभावित
हुमा ने बताया कि बारिश वाला सीक्वेंस काफी थकाने वाला था और उनके लिए भी परिस्थितियां आसान नहीं थीं। लेकिन कियारा ने जिस तरह पूरी ऊर्जा और प्रोफेशनलिज्म के साथ अपना काम जारी रखा, वह उनके लिए बेहद प्रेरणादायक था। हुमा का मानना है कि कियारा को ‘टॉक्सिक’ के लिए दर्शकों से काफी प्यार मिलने वाला है। उनकी तारीफ ने फिल्म के प्रमोशन के दौरान कियारा के डेडिकेशन को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
प्रेग्नेंसी की खबर सबसे पहले यश और गीतू को दी
कियारा आडवाणी ने भी बताया कि प्रेग्नेंसी की जानकारी शुरुआत में उनके परिवार को थी। इसके बाद उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर गीतू मोहनदास और अभिनेता यश को इस बारे में बताया। कियारा के मुताबिक, जब उन्होंने गीतू को अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में बताया तो निर्देशक ने शूटिंग और बजट जैसी चीजों को लेकर चिंता करने के बजाय उनकी खुशी में खुशी जताई। कियारा ने बताया कि प्रेग्नेंसी की खबर सुनकर गीतू और यश की आंखों में आंसू आ गए थे।
गीतू मोहनदास ने दिया पूरा सपोर्ट
कियारा ने बताया कि गीतू मोहनदास ने उन्हें इस दौरान आराम से काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कियारा अपनी जिंदगी के बेहद खास दौर से गुजरने वाली हैं, इसलिए उन्हें सेट पर अपनी सुविधा के मुताबिक आने और आराम करने की पूरी आजादी होगी। कियारा के मुताबिक, निर्देशक ने उन्हें यह भी कहा था कि जो मन करे वह करें और जो खाना पसंद हो, वह खाएं। इस रवैये से कियारा को शूटिंग के दौरान काफी भावनात्मक सपोर्ट मिला।
इंटीमेट सीन को लेकर भी हुई थी ट्रोलिंग
‘टॉक्सिक’ में कियारा के कुछ इंटीमेट सीन्स भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय रहे हैं। शादीशुदा होने के बावजूद फिल्म में ऐसे सीन करने को लेकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया। हालांकि, कियारा के पति और अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने उनके काम का समर्थन किया था। उन्होंने कियारा के प्रोफेशनलिज्म की तारीफ करते हुए ट्रोलर्स को जवाब दिया था।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
यश की ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है। फिल्म में यश एक अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं, जबकि कियारा आडवाणी की मौजूदगी ने भी इसकी चर्चा बढ़ा दी है। अब 26 अगस्त को रिलीज के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा असर छोड़ती है।