मुंबई - रक्षाबंधन के मौके पर अभिनेत्री कृति सेनन का एक ज्वेलरी विज्ञापन सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गया है। विज्ञापन में कृति के पहनावे और त्योहार की थीम को लेकर कई यूजर्स ने आपत्ति जताई है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना है कि विज्ञापन में रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार की भावनाओं और प्रस्तुति के बीच तालमेल नजर नहीं आता।

कंगना रनौत ने भी जाहिर की नाराजगी
विवाद के बीच अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी विज्ञापन पर सवाल उठाए। उन्होंने महिलाओं के पास मौजूद फैशन विकल्पों का जिक्र करते हुए कहा कि आज महिलाएं अपनी पसंद के मुताबिक अलग-अलग तरह के कपड़े पहन सकती हैं। कंगना ने सवाल उठाया कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के मौके पर विज्ञापन में ऐसा पहनावा क्यों चुना गया, जबकि महिलाओं के पास स्टाइलिंग के कई विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने विज्ञापन को जानबूझकर अजीब और असहज बनाने वाला बताया।

सुजैन बर्नर्ट ने भी जताई आपत्ति
जर्मनी में पली-बढ़ी अभिनेत्री सुजैन बर्नर्ट ने भी विज्ञापन को लेकर अपनी आपत्ति जाहिर की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन गहरे भावनात्मक और पारिवारिक महत्व वाला त्योहार है और इस तरह के विज्ञापनों का युवाओं पर प्रभाव पड़ सकता है।

कृति सेनन ने अब तक नहीं दिया जवाब
विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज होने के बावजूद कृति सेनन ने अभी तक इस विवाद पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। अब देखना होगा कि अभिनेत्री या विज्ञापन से जुड़ी कंपनी इस मामले पर आगे कोई स्पष्टीकरण देती है या नहीं।रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के साथ विज्ञापन की रचनात्मक प्रस्तुति को लेकर शुरू हुई यह बहस फिलहाल सोशल मीडिया पर जारी है।