माधुरी दीक्षित ने हाल ही में अपनी सीरीज ‘मिसेज देशपांडे’ में दमदार एक्शन से दर्शकों का दिल जीता था। अब एक्ट्रेस फिर से ओटीटी पर धमाकेदार वापसी करने जा रही हैं। उनकी नई फिल्म ‘मां बहन’ 4 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। फिल्म के मेकर्स ने शुक्रवार को पोस्ट शेयर कर इसकी घोषणा की। खास बात यह है कि यह ऐलान माधुरी दीक्षित के जन्मदिन पर किया गया। नेटफ्लिक्स ने फिल्म की पहली झलक भी जारी की, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया
"धक धक हो रहा है? तारीख नोट कर लो। 4 जून को रिलीज हो रही 'मां बहन' सिर्फ नेटफ्लिक्स पर देखें।"
क्या है फिल्म की कहानी?
सुरेश त्रिवेनी के निर्देशन में बनी ‘मां बहन’ एक अव्यवस्थित मां-बेटी की तिकड़ी की कहानी है। फिल्म में रेखा, जया और सुषमा की जिंदगी उस समय पूरी तरह बदल जाती है, जब उनकी रसोई में अचानक एक शव मिल जाता है। सच छिपाने की कोशिश में यह परिवार झूठ, डर और दखल देने वाले पड़ोसियों के बीच उलझ जाता है, जिससे कहानी में कॉमेडी और सस्पेंस का तड़का लग जाता है।
फिल्म में माधुरी दीक्षित रेखा के किरदार में नजर आएंगी, जबकि तृप्ति डिमरी और धरना दुर्गा उनकी बेटियों की भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा रवि किशन भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे। कलाकारों की सूची में गीतांजलि कुलकर्णी, अरुणोदय सिंह और शार्दुल भारद्वाज जैसे नाम शामिल हैं।
दमदार टीम ने संभाली फिल्म की कमान
फिल्म को अबंडेंटिया एंटरटेनमेंट और ओपनिंग इमेज फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। निर्माता विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेनी ने इस प्रोजेक्ट को सपोर्ट किया है। कहानी सुरेश त्रिवेनी और पूजा तोलानी ने लिखी है, जिन्होंने फिल्म की पटकथा और संवाद भी तैयार किए हैं।
विक्रम मल्होत्रा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा
"मां बहन एक ऐसी कहानी है जो अपने साहसिक विचार से दर्शकों को बांधे रखती है। इसके भीतर परिवार, समाज और इस भेदभावपूर्ण दुनिया में लोगों के संघर्ष की गहरी मानवीय कहानी छिपी है।"