कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की लहर सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसका असर टॉलीवुड (बंगाली फिल्म इंडस्ट्री) में भी साफ देखा जा रहा है। शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी ने शपथ ली। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए खेल, कला और सिनेमा जगत की कई बड़ी हस्तियां वहां मौजूद रहीं।
ब्रिगेड के मंच पर सितारों की चमक
समारोह में टॉलीवुड के 'बूमबा दा' यानी प्रसेनजीत चटर्जी, सुपरस्टार जीत, मशहूर शास्त्रीय गायक पंडित अजय चक्रवर्ती और दिग्गज अभिनेत्री ममता शंकर जैसे बड़े नाम अतिथि दीर्घा में नजर आए। उद्योग के कई सदस्यों के बीजेपी विधायक होने के चलते फिल्म जगत में भी बदलाव की सुगबुगाहट तेज है।
ममता शंकर ने जताई खुशी
शपथ ग्रहण स्थल पर प्रवेश करने से पहले अभिनेत्री ममता शंकर ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने नई सरकार के आगमन पर अपना उत्साह साझा करते हुए कहा, "इस समारोह का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैं सबके चेहरों पर खुशी देख सकती हूँ।"
"सब कुछ बदलना चाहिए"
टॉलीवुड के भीतर 'बैन कल्चर' और शूटिंग के दौरान होने वाली समस्याओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में ममता शंकर ने स्पष्ट रूप से कहा, "सिर्फ टॉलीवुड ही नहीं, बल्कि हर चीज में बदलाव आना चाहिए। परिवर्तन हमें अपने भीतर भी लाना होगा। हर इंसान को ईमानदार बनने की जरूरत है।"टॉलीवुड का एक बड़ा हिस्सा पिछले काफी समय से फिल्म उद्योग में व्याप्त भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज के खिलाफ आवाज उठाता रहा है। ऐसे में नई सरकार से कलाकारों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।