हिमाचल प्रदेश के चैल में आयोजित विवाह समारोह में अभिनेत्री मेहरीन पीरजादा और अर्श औलख की शादी ने पारंपरिक भारतीय संस्कृति और आधुनिक फैशन का शानदार संगम पेश किया। मुख्य विवाह समारोह में जहां दोनों ने हल्के गुलाबी रंग के परिधानों को चुना, वहीं शादी के जश्न के दौरान मेहरीन का गहरे लाल रंग का भव्य लहंगा आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बन गया। उनके इस लुक ने फैशन प्रेमियों के बीच खास चर्चा बटोरी।
लाल और सुनहरे रंग के संग दिखी पारंपरिक शान
मेहरीन पीरजादा का यह विशेष लहंगा मशहूर पाकिस्तानी डिज़ाइनर मोहसिन नवेद रंजा द्वारा तैयार किया गया था। गहरे लाल रंग के इस पारंपरिक कलिदार लहंगे पर बेहद बारीक सुनहरी जरदोजी और टिल्ला कढ़ाई की गई थी। कमर से लेकर घेर तक डिजाइनों का पैटर्न बेहद कलात्मक ढंग से उभरता दिखाई दिया, जिसमें ज्यामितीय आकृतियों से लेकर फूलों की महीन कारीगरी तक शामिल थी। चौड़े सुनहरे बॉर्डर ने पूरे परिधान को और अधिक शाही स्वरूप दिया।
पारंपरिक कढ़ाई ने बढ़ाई लुक की भव्यता
लहंगे के साथ पहनी गई फुल स्लीव्स चोली पर भी उसी तरह की महीन कढ़ाई की गई थी, जिससे पूरा परिधान एकरूप और भव्य दिखाई दे रहा था। मेहरीन ने इसके साथ लाल रंग का दुपट्टा एक कंधे पर बेहद सलीके से कैरी किया, जिसके किनारों पर भारी सुनहरी बॉर्डर और बड़े लटकन लगाए गए थे। चलते समय दुपट्टे के लटकनों की हल्की मूवमेंट उनके पूरे लुक को और अधिक आकर्षक बना रही थी।
ज्वेलरी ने जोड़ा रॉयल टच
अभिनेत्री ने अपने इस ब्राइडल लुक को भारी गोल्ड और पोल्की ज्वेलरी के साथ पूरा किया। गले में बड़ा चोकर सेट, पारंपरिक झुमके और माथे पर सजा पासा उनके शाही अंदाज को और निखार रहा था। उनकी ज्वेलरी में मुगलकालीन शैली की झलक साफ दिखाई दे रही थी, जिसने पूरे वेडिंग लुक को बेहद रॉयल फिनिश दिया।
मेकअप और स्टाइलिंग ने जीता दिल
मेहरीन ने अपने मेकअप को जरूरत से ज्यादा ग्लैमरस रखने की बजाय क्लासिक और सौम्य रखा। हल्का ब्राउन स्मोकी आई मेकअप, न्यूड-पिंक लिप शेड और बेहद सलीके से तैयार की गई आइब्रो ने उनके चेहरे की खूबसूरती को और उभार दिया। उनका यह संतुलित ब्राइडल लुक पारंपरिक भारतीय दुल्हन की खूबसूरती और आधुनिक फैशन सेंस का शानदार उदाहरण बनकर सामने आया।
सोशल मीडिया पर छाया मेहरीन का ब्राइडल अंदाज
शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मेहरीन पीरजादा के इस लुक की जमकर चर्चा हो रही है। फैशन प्रेमी उनके पारंपरिक परिधान, ज्वेलरी चयन और स्टाइलिंग की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। कई यूजर्स ने उनके इस लुक को “रॉयल”, “एलिगेंट” और “टाइमलेस ब्राइडल फैशन” जैसे शब्दों से सराहा है। शादी के इस खास मौके पर मेहरीन का अंदाज निश्चित तौर पर इस सीजन के चर्चित ब्राइडल फैशन ट्रेंड्स में शामिल हो गया है।