मुंबई - बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मेकर्स ने फिल्म का दमदार टीजर रिलीज कर दिया है, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है। इस टीजर के साथ यह साफ हो गया है कि इस बार मिर्जापुर की दुनिया पहले से कहीं ज्यादा बड़ी, हिंसक और रोमांचक होने वाली है।
टीजर में लौटे पुराने किरदार
रिलीज हुए टीजर में एक बार फिर अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु अपने दमदार अंदाज में नजर आए हैं। इन किरदारों की वापसी ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। टीजर में एक्शन, सत्ता की लड़ाई और बदले की कहानी की झलक दिखाई गई है, जो फिल्म को लेकर उम्मीदें और बढ़ा रही है।
सचिव जी और रवि किशन की एंट्री ने बढ़ाया रोमांच
इस बार फिल्म की सबसे बड़ी सरप्राइज एंट्री जितेंद्र कुमार की है, जिन्हें दर्शक पंचायत के 'सचिव जी' के रूप में जानते हैं। टीजर में उनका नया अवतार देखने को मिला है, जिसने फैंस के बीच नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। उनका किरदार कहानी में क्या मोड़ लाएगा, इसका खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। टीजर में रवि किशन की भी दमदार झलक देखने को मिली है। उनकी मौजूदगी से फिल्म का स्टारकास्ट और भी मजबूत हो गया है। हालांकि उनके किरदार को लेकर मेकर्स ने अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
फैंस में बढ़ा जबरदस्त उत्साह
टीजर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं तेजी से सामने आ रही हैं। कई दर्शकों का कहना है कि 'मिर्जापुर: द मूवी' बड़े पर्दे पर पहले से कहीं ज्यादा भव्य और रोमांचक अनुभव देने वाली है। अब सभी की निगाहें फिल्म के ट्रेलर और रिलीज डेट पर टिकी हैं।