पुणे / नई दिल्ली: देश में नीट (NEET) परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक और इसके खिलाफ दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के बैनर तले चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को लेकर घमासान थमता नज़र नहीं आ रहा है। आमिर खान के बाद अब फिल्म 'थ्री इडियट्स' फेम अभिनेता और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के अध्यक्ष आर. माधवन सोशल मीडिया और छात्रों के निशाने पर आ गए हैं।देश की प्रतिष्ठित फिल्म संस्थान FTII पुणे के छात्रों ने अपने ही चेयरमैन आर. माधवन की खामोशी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और उनके कार्यालय के दरवाजे पर 'NEET For Sale' के पोस्टर चिपका दिए।
'थ्री इडियट्स' के 'चतुर' बने हीरो, चेयरमैन माधवन पर उठे सवाल
दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के अनशन और आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर जहां शबाना आजमी, जीनत अमान, अनुराग कश्यप, अरिजीत सिंह और अपर्णा सेन जैसी प्रमुख हस्तियों ने छात्रों का समर्थन किया है, वहीं 'थ्री इडियट्स' में 'सैलेंसर' (चतुर रामलिंगम) का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने खुलकर आवाज उठाई है।छात्रों का कहना है कि जहां ओमी वैद्य इस मुद्दे पर स्टैंड लेकर सोशल मीडिया पर 'हीरो' बनकर उभरे हैं, वहीं देश के शीर्ष शैक्षणिक संस्थान FTII के अध्यक्ष पद पर बैठे आर. माधवन ने अब तक एक शब्द भी नहीं कहा है।

'रंग दे बसंती' और '3 इडियट्स' की याद दिलाकर नेटिज़न्स ने घेरा
सोशल मीडिया पर नेटिज़न्स और FTII के छात्रों ने माधवन को उनकी पुरानी फिल्मों की याद दिलाते हुए आड़े हाथों लिया। यूज़र्स ने लिखा:"आपने 'रंग दे बसंती' और 'थ्री इडियट्स' जैसी फिल्मों में काम किया है, आपको तो कम से कम छात्रों के दर्द और शिक्षा व्यवस्था की लाचारी समझ आनी चाहिए थी। ऐसे संकट के समय आप चुप क्यों हैं?"कई यूज़र्स ने उनकी खामोशी को 'रीढ़हीनता' करार दिया।
बॉलीवुड और टॉलीवुड कलाकारों ने भी दिया छात्रों का साथ
माधवन के खिलाफ FTII छात्रों के विरोध प्रदर्शन वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। खास बात यह है कि शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' के अभिनेता अभय वर्मा और 'कबीर सिंह' फेम बंगाली अभिनेता सोहम मजूमदार ने भी छात्रों के इन पोस्ट्स को लाइक कर अपना समर्थन जताया है। सोहम मजूमदार ने टिप्पणी करते हुए लिखा— "उनसे (माधवन से) यही उम्मीद थी।"फिलहाल अपने दफ्तर के बाहर हुए इस विरोध प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर बढ़ रहे दबाव के बाद भी आर. माधवन की तरफ से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।