चेन्नई। सुपरस्टार रजनीकांत की आगामी तमिल फिल्म जेलर 2 के सेट पर बड़ा हादसा हो गया। चेन्नई के ईस्ट कोस्ट रोड (ECR) स्थित पनैयूर की आदित्यराम फिल्म सिटी में शूटिंग सेट पर करंट लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई।मृतक की पहचान 28 वर्षीय कार्तिकेयन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह फिल्म के लिए घर जैसा सेट तैयार करने के काम में जुटे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लगा, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सेट पर आर्ट डायरेक्शन का काम कर रहे थे कार्तिकेयन
पुलिस के मुताबिक कार्तिकेयन आर्ट डायरेक्शन टीम के साथ काम कर रहे थे। कनाथुर पुलिस ने बताया कि हादसे की वजह बिजली का लीकेज माना जा रहा है। फिलहाल मामले में FIR दर्ज नहीं की गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
कुछ दिन पहले ही पूरी हुई थी फिल्म की शूटिंग
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब हाल ही में फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी सन पिक्चर्स ने घोषणा की थी कि जेलर 2 की शूटिंग पूरी हो चुकी है। 21 अप्रैल को मेकर्स ने सोशल मीडिया पर रैप-अप पार्टी की तस्वीरें साझा की थीं। तस्वीरों में रजनीकांत और निर्देशक नेल्सन पूरी टीम के साथ केक काटते नजर आए थे।
बदल सकती है फिल्म की रिलीज डेट
पहले खबर थी कि फिल्म 12 जून 2026 को रिलीज हो सकती है। हालांकि अब रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाई जा सकती है। नई संभावित रिलीज डेट 4 सितंबर 2026 बताई जा रही है, जो कृष्ण जन्माष्टमी के आसपास पड़ रही है। यह फिल्म 2023 की ब्लॉकबस्टर जेलर का सीक्वल है। फिल्म में राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिर्ना अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे।
पहली फिल्म ने की थी 600 करोड़ से ज्यादा कमाई
रिपोर्ट्स के अनुसार लगभग 200 करोड़ रुपए के बजट में बनी जेलर ने दुनियाभर में 604.5 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। पहली फिल्म में मोहनलाल, शिवराजकुमार और जैकी श्रॉफ कैमियो रोल में नजर आए थे। वहीं तमन्ना भाटिया और विनायकन ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
साउथ फिल्मों के सेट पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
इससे पहले भी साउथ फिल्म इंडस्ट्री में कई बड़े हादसे सामने आ चुके हैं। सरदार 2 के सेट पर स्टंटमैन एस. एलुमलाई की स्टंट रिहर्सल के दौरान ऊंचाई से गिरने पर मौत हो गई थी। वहीं इंडियन 2 के सेट पर 2020 में क्रेन गिरने से तीन लोगों की जान चली गई थी। उस हादसे में कई लोग घायल भी हुए थे।