मुंबई - दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण और जाह्नवी कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेड्डी' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज के साथ ही इसने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। निर्देशकबुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है।
एडवांस बुकिंग में फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया
रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था। एडवांस बुकिंग में फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और कई थिएटरों में पहले दिन के शो हाउसफुल रहे। तेलुगू राज्यों के अलावा विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला है। खासकर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और खाड़ी देशों में फिल्म की ओपनिंग काफी मजबूत रही।
100 करोड़ रुपए के करीब
शुरुआती ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, 'पेड्डी' ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन 90 से 100 करोड़ रुपये के बीच पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। यदि अंतिम आंकड़े इसी रफ्तार से सामने आते हैं तो फिल्म पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये के वैश्विक क्लब में शामिल हो सकती है।
राम चरण का दमदार अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया
फिल्म में राम चरण का दमदार अंदाज और खेल पर आधारित प्रेरणादायक कहानी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। वहीं जाह्नवी कपूर की परफॉर्मेंस की भी सराहना की जा रही है। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है और कई दर्शक इसे साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में से एक बता रहे हैं।
राम चरण बॉक्स ऑफिस के बादशाह !
ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वीकेंड पर यही रफ्तार बनी रही तो 'पेड्डी' आने वाले दिनों में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है। फिल्म की शानदार शुरुआत ने यह संकेत दे दिया है कि राम चरण एक बार फिर बॉक्स ऑफिस के बादशाह साबित हो रहे हैं। अब सभी की नजरें फिल्म के पहले वीकेंड और 100 करोड़ क्लब में इसकी आधिकारिक एंट्री पर टिकी हुई हैं।