मुंबई - 90 के दशक की लोकप्रिय अदाकारा रवीना ने मौजूदा समय में बढ़ते सोशल मीडिया ट्रेंड पर कहा कि, ये किस तरह से खतरनाक है। साथ ही उन्होंने अपने बच्चों को भी इस मामले को लेकर नसीहत दी है। समय के साथ आगे बढ़ना पड़ता है, लेकिन कुछ ऐसी चीजें हैं, जो अभिनेत्री रवीना टंडन आज के दौर में सही नहीं मानती हैं।
सोशल मीडिया पर रवीना टंडन का रिएक्शन
जब रवीना टंडन से पूछा गया कि पिछली सदी के नौवें दशक की कौन सी बात ऐसी है, जो आज होनी चाहिए थी? इस पर वह कहती हैं कि मैं यही सोचती हूं कि स्मार्ट फोन तो सही हैं, लेकिन काश उसमें कैमरा नहीं होता। यह केवल सेलिब्रिटी ही नहीं, बल्कि हर किसी की निजता में दखल देने वाली बात है। खैर, समय के साथ आपको चीजों को अपनाना होता है। मैंने अपने बच्चों (बेटी राशा और बेटे रणबीर) को यही सिखाया है कि कमेंट न पढ़ा करें। इंटरनेट मीडिया अहम है, लेकिन खतरनाक भी। यह बंदर के हाथों में तलवार देने जैसा है।
इंटरनेट ने प्रतिभाओं को मंच दिया, लेकिन ट्रोलिंग ने बढ़ाई चिंता
ऐसे लोगों के हाथों में बड़ी पावर दे दी गई है, जिसमें कइयों को पता नहीं कि उसका इस्तेमाल कैसे करना है। इंटरनेट मीडिया एक ओर देश के कोने-कोने से प्रतिभा को लोगों के सामने ला रहा है। वहीं कुछ लोगों के कमेंट्स लोगों को कितना नुकसान पहुंचा सकते हैं, उसका अंदाजा भी उन्हें नहीं है। आज केवल फिल्म इंडस्ट्री में ही नहीं, बल्कि जो भी थोड़ा बहुत प्रसिद्ध हो गया है।
कमेंट्स नहीं, अपने काम पर ध्यान दो
उसे अपनी चमड़ी मोटी करनी होगी, क्योंकि उन्हें नीचे खींचने के लिए लोग तैयार रहते हैं। नई तकनीक को अपनाते हुए आगे बढ़ना पड़ता है, लेकिन मैंने अपने बच्चों से यही कहा है कि इसे बहुत गंभीरता से न लें। कमेंट्स मत पढ़ो और केवल अपने काम पर ध्यान दो। मेहनत करो, ईमानदार रहो, अगर प्रतिभा होगी तो वह तुमसे कोई नहीं छीन पाएगा।