नई दिल्ली/गोरखपुर: गोरखपुर से बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन अपने खास अंदाज और बयानों को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया और इंटरनेट पर फिर से जबरदस्त चर्चा का विषय बने हुए हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में दिया गया उनका बयान 'मनी फॉलोज माइ ब्रदर' और संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत का 'मौन व्रत' वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इन वीडियो क्लिप्स पर नेटिजन्स लगातार मजेदार रील्स और मीम्स बना रहे हैं।
'मनी फॉलोज माइ ब्रदर' और 'मौन व्रत' वाला वीडियो हुआ वायरल
हाल ही में राज शामानी के पॉडकास्ट में जब रवि किशन से पूछा गया कि वे 'पैसा या पहचान' में से किसे चुनेंगे, तो उन्होंने जवाब दिया— "पहचान, मनी फॉलोज माइ ब्रदर" (पैसा तो मेरे पीछे-पीछे आता है, भाई)। इसके बाद संसद परिसर से उनका एक और वीडियो सामने आया, जिसमें एक पत्रकार के सवाल पर वे कहते नजर आए कि आज उनका मौन व्रत है और पंडित जी ने शांत रहने को कहा है, इसलिए उन्हें शांत रहने दिया जाए।
इंटरनेट पर प्रतिक्रियाएं और 'बिहार का टॉम क्रूज़' का खिताब
रवि किशन के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें 'मीम लॉर्ड', 'लॉर्ड रवि किशन' और 'बिहार का टॉम क्रूज़' जैसी उपाधियां दे रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि 'जल्दी, द लेट' और 'होम फ्रॉम वर्क' जैसे बयानों के बाद अब रवि किशन ने एक और नया मीम टेम्पलेट दे दिया है। हालांकि, इन तमाम चर्चाओं और मीम्स के बीच सांसद रवि किशन अपने सहज अंदाज में मस्त नजर आ रहे हैं।