मुंबई: अपकमिंग फिल्म 'काला हिरण' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेता सलमान खान की ओर से फिल्म के निर्माताओं को लीगल नोटिस भेजा गया है। नोटिस में फिल्म के निर्माण, प्रमोशन और रिलीज प्रक्रिया को तत्काल रोकने के साथ-साथ सभी पोस्टर और प्रचार सामग्री हटाने की मांग की गई है। सलमान की कानूनी टीम का दावा है कि फिल्म उनकी छवि को नुकसान पहुंचा सकती है और एक लंबित कानूनी मामले को प्रभावित कर सकती है।
सलमान की लीगल टीम ने भेजा नोटिस
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान की ओर से लॉ फर्म DSK लीगल ने कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को 24 अप्रैल 2026 को लीगल नोटिस भेजा था। नोटिस में कहा गया है कि 'काला हिरण' फिल्म कथित तौर पर सलमान खान से जुड़े काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है। ऐसे में फिल्म का प्रदर्शन उनकी प्रतिष्ठा और कानूनी अधिकारों को प्रभावित कर सकता है।
फिल्म के प्रमोशन पर भी जताई आपत्ति
नोटिस में फिल्म के निर्माण और रिलीज पर रोक लगाने के साथ-साथ इसके पोस्टर, टीजर और अन्य प्रचार सामग्री हटाने की मांग भी की गई है। सलमान की कानूनी टीम का कहना है कि अभिनेता ने अपने नाम, पहचान या उनसे जुड़े किसी कथित घटनाक्रम के उपयोग की कोई अनुमति नहीं दी है। इसलिए इस तरह की प्रस्तुति उनके व्यक्तिगत अधिकारों का उल्लंघन मानी जा सकती है।
20 जून को जारी होना था टीजर
फिल्म 'काला हिरण' का पोस्टर हाल ही में जारी किया गया था और निर्माताओं ने घोषणा की थी कि इसका फर्स्ट लुक और टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा। फिल्म के पोस्टर में दिखाई देने वाला कलाकार नया चेहरा बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सलमान-लॉरेंस विवाद को दिखाने का दावा
फिल्म के निर्माता अमित जानी ने पहले दावा किया था कि फिल्म में 1998 के काला हिरण शिकार मामले, उससे जुड़े कोर्टरूम ड्रामा और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई तथा सलमान खान के बीच के विवाद को फिल्मी अंदाज में दिखाया गया है। उनके अनुसार फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के संभल, मुरादाबाद समेत कई शहरों में की गई है।
1998 से चर्चा में है काला हिरण मामला
सलमान खान का नाम 1998 में जोधपुर के कांकाणी गांव में कथित काला हिरण शिकार मामले में सामने आया था। उस समय वह फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग कर रहे थे। इस मामले में सलमान के साथ सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम का नाम भी शामिल हुआ था। बाद में अदालत ने अन्य कलाकारों को बरी कर दिया, जबकि सलमान खान को 2018 में पांच साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई और मामला अभी भी राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है।
अगली सुनवाई जुलाई में
काला हिरण शिकार मामले में मई 2026 में हुई सुनवाई के बाद राजस्थान हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई 13 जुलाई 2026 के लिए निर्धारित की है। फिलहाल सलमान खान जमानत पर बाहर हैं और मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है। ऐसे में फिल्म 'काला हिरण' को लेकर शुरू हुआ नया विवाद भी अब कानूनी मोड़ लेता नजर आ रहा है।