हरियाणवी डांसर और बिग बॉस फेम Sapna Choudhary एक बार फिर सुर्खियों में हैं। शादी के करीब छह साल बाद सपना चौधरी ने अपने पति वीर साहू के खिलाफ घरेलू हिंसा और मारपीट के आरोप लगाते हुए द्वारका महिला कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले के सामने आने के बाद उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब सपना चौधरी विवादों में घिरी हों। पिछले एक दशक में वह कई बार अलग-अलग कारणों से सुर्खियों में रही हैं।
2016 में की थी आत्महत्या की कोशिश
साल 2016 में एक स्टेज शो के दौरान गाए गए गीत को लेकर उन पर एक विशेष जाति का अपमान करने का आरोप लगा था। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अभियान चलाया गया। आरोपों और कथित ऑनलाइन उत्पीड़न से परेशान होकर सपना चौधरी ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। बताया गया था कि उन्होंने एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया पर बदनाम करने और चरित्र हनन का आरोप लगाया था। समय पर इलाज मिलने के बाद उनकी जान बच गई थी।
लखनऊ शो विवाद में लगा था धोखाधड़ी का आरोप
साल 2018 में सपना चौधरी का लखनऊ में एक कार्यक्रम प्रस्तावित था। शो के टिकट बिक चुके थे, लेकिन उनके कार्यक्रम में नहीं पहुंचने पर दर्शकों ने हंगामा किया। इसके बाद आयोजकों ने उन पर पैसे हड़पने और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। यह मामला भी काफी चर्चाओं में रहा था।
छत्तीसगढ़ में कार्यक्रम के दौरान हुआ बवाल
साल 2025 में छत्तीसगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ था। सपना चौधरी ने आरोप लगाया था कि कार्यक्रम स्थल पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें गोली मारने तक की धमकी दी गई थी। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे थे।
हाथरस में स्टेज पर चढ़कर किया था हमला
साल 2026 की शुरुआत में उत्तर प्रदेश के हाथरस में जन्मदिन समारोह के दौरान एक व्यक्ति स्टेज पर चढ़ गया था। आरोप है कि उसने सपना चौधरी के साथ अभद्रता की और थप्पड़ मारने की कोशिश की। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना था।
होटल रूम की तस्वीरों को लेकर फैली थी अफवाह
साल 2017 में सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हुई थीं, जिनमें दावा किया गया था कि पुलिस ने एक होटल में छापेमारी के दौरान सपना चौधरी को पकड़ा है। हालांकि बाद में यह खबर पूरी तरह गलत साबित हुई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि उन्हें किसी मामले में गिरफ्तार नहीं किया गया था, बल्कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा मुहैया कराई गई थी।
2020 में की थी कोर्ट मैरिज
सपना चौधरी ने वर्ष 2020 में वीर साहू से कोर्ट मैरिज की थी। दोनों के दो बेटे हैं। अब शादी के छह साल बाद सामने आए घरेलू विवाद ने एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
लगातार विवादों के बीच भी बरकरार रही लोकप्रियता
कई विवादों का सामना करने के बावजूद सपना चौधरी की लोकप्रियता में कोई बड़ी कमी नहीं आई। हरियाणवी संगीत और स्टेज परफॉर्मेंस की दुनिया में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है और आज भी उनके गाने करोड़ों दर्शकों के बीच काफी पसंद किए जाते हैं।