मुंबई - बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट की बहुप्रतीक्षित फिल्म Alpha का टीजर 10 जून को रिलीज कर दिया गया। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार किया जा रहा था और टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा शुरू हो गई। फिल्म में आलिया भट्ट के साथ बॉबी देओल और शरवरी वाघ भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। टीजर में जबरदस्त एक्शन और दमदार किरदारों की झलक देखने को मिली है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
शाहरुख खान ने की आलिया की जमकर तारीफ
फिल्म के टीजर पर बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। शाहरुख ने सोशल मीडिया पर आलिया की तारीफ करते हुए लिखा कि, "बहुत बढ़िया आलिया, सालों तक लोगों का दिल तोड़ने से लेकर अब हड्डियां तोड़ने तक, तुम्हारा हुनर लगातार बढ़ता जा रहा है। शाहरुख के इस मजेदार और खास अंदाज वाले संदेश को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
फिल्म की सफलता के लिए दी शुभकामनाएं
शाहरुख खान ने सिर्फ आलिया की तारीफ ही नहीं की, बल्कि पूरी फिल्म की टीम को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि 'अल्फा' दर्शकों का दिल जीतने में सफल होगी। साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्म के अगले भाग के लिए कुछ विलेन भी बचाकर रखने चाहिए। उन्होंने आलिया को "सिग्मा गर्ल" कहकर संबोधित किया और उनके दमदार किरदार की सराहना की।
बॉबी देओल की भी हुई तारीफ
शाहरुख खान ने अभिनेता बॉबी देओल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब बॉबी नकारात्मक किरदार निभाते हैं तो बेहद प्रभावशाली लगते हैं। बॉबी के लुक और किरदार की झलक टीजर में देखने के बाद दर्शकों के बीच भी काफी उत्साह है।
3 जुलाई को रिलीज होगी फिल्म
'अल्फा' 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। टीजर को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद फिल्म को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं। अब फैंस बेसब्री से फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। शाहरुख खान जैसे बड़े सितारे की तारीफ मिलने के बाद यह फिल्म और भी ज्यादा सुर्खियों में आ गई है।